दरभंगाः चाचा ने दोस्तों संग मिलकर अपनी 13 साल की नाबालिग भतीजी से किया सामूहिक दुषकर्म, छह महीने में कई बार किया गलत काम, नहाते हुए वीडियो बनाया
By एस पी सिन्हा | Published: March 30, 2023 08:08 PM2023-03-30T20:08:07+5:302023-03-30T20:09:20+5:30
बिहार में दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र का मामला है। थानाध्यक्ष नुसरत जहां ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पटनाः बिहार में दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां रिश्ते में चाचा ने अपनी 13 साल की नाबालिग भतीजी का नहाते हुए वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने दो दोस्तों- मन्नू तांती और मनीष तांती के साथ मिलकर पिछले छह महीने में कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता पेट दर्द से परेशान हो गई और मां उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गई। जहां जांच में पता चला कि नाबालिग लड़की चार महीने की गर्भवती है। इसके बाद मां ने पूछताछ की तब पीड़िता पूरी आपबीती मां को सुनाई।
पीड़िता ने बताया कि नहाने के दौरान चाचा ने अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद से वह लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सुनसान जगह पर बुलाता और अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म करता था। पीड़िता ने जब घर पर शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने सभी को जान से खत्म करने की धमकी दी।
पीड़िता की मां ने यह जानकारी मुंबई में मजदूरी कर रहे पीड़िता के पिता को दी। जिसके बाद वह काम-धंधा छोड़कर अपने गांव पहुंचे। इस बीच, आरोपी चाचा और उसके दोस्त पीड़िता की मां को मोबाइल पर रुपये देने का प्रलोभन देने लगे। उनलोगों ने कहा कि गर्भपात करा दो। बात नहीं मानने पर धमकी देने लगे।
लेकिन पीड़िता का परिवार सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए अड़ गए। इसके बाद घटना की जानकारी चाइल्डलाइन को दी। इसके बाद, चाइल्ड लाइन पीड़िता को लेकर महिला थाने पहुंची, जहां आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। आरोपी चाचा तीन बच्चों का बाप है। इस बीच मामला दर्ज होने की सूचना मिलते ही आरोपी चाचा अपने घर से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष नुसरत जहां ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में 164 का बयान दर्ज कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि ताबड़तोड़ छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस पदाधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।