दिल्लीः भारत घूमने आई ब्रिटिश महिला के सामने कैब ड्राइवर ने किया हस्तमैथुन, महिला ने छोड़ा देश
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: September 5, 2022 10:37 AM2022-09-05T10:37:57+5:302022-09-05T11:04:22+5:30
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने महिला का बयान दर्ज किया लेकिन मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर वह देश छोड़ चली गई।
नई दिल्लीः एक कैब ड्राइवर को 23 वर्षीय ब्रिटिश महिला के सामने कथित तौर पर हस्तमैथुन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला के साथ कैब ड्राइवर ने ये दुर्व्यवहार तब किया जब उसे दक्षिण दिल्ली के एक होटल ले जाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शिकायत करने वाली महिला लंदन की एक वकील है। इस घटना के बाद उसने देश छोड़ दिया।
पुलिस ने कहा कि महिला अपने दोस्त के साथ भारत घूमने आई थी और दोनों ने दिल्ली और राजस्थान में रहने की योजना बनाई थी। घटना शुक्रवार की है जब शिकायतकर्ता और उसकी दोस्त ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से एक ऐप पर कैब बुक की थी। कैब ड्राइवर ने महिला के सामने उसे दक्षिण दिल्ली के एक पांच सितारा होटल ले जाते वक्त हस्तमैथुन किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और उसके दोस्त ने ड्राइवर को पकड़ा और उसकी हरकतों पर कड़ी आपत्ति जताई। ड्राइवर ने उनके साथ जो दुर्व्यवहार किया उसे किसी को न बताने की धमकी दी जिसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस को फोन किया और मौखिक शिकायत दी।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने महिला का बयान दर्ज किया लेकिन मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर वह देश छोड़ चली गई। कैब चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के लालगंज जिले के निवासी माखन लाल के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि उसने छह महीने पहले कैब ड्राइवर के रूप में काम करना शुरू किया था।