बिहार: प्रेमी ने अस्पताल में भर्ती प्रेमिका के मांग में भरा सिंदूर, मां और भाई ने मिलकर युवक की जमकर पिटाई
By एस पी सिन्हा | Published: August 19, 2018 08:02 PM2018-08-19T20:02:42+5:302018-08-19T20:02:42+5:30
बिहार के पूर्णिया के हाट नगर थाना इलाके में प्रेम में पागल एक प्रेमी ने अस्पताल में भर्ती अपनी प्रेमिका के माथे पर सिंदूर भर दिया। एक युवती की तबीयत खराब होने पर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पटना,19 अगस्त: बिहार के पूर्णिया के हाट नगर थाना इलाके में प्रेम में पागल एक प्रेमी ने अस्पताल में भर्ती अपनी प्रेमिका के माथे पर सिंदूर भर दिया। एक युवती की तबीयत खराब होने पर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान सदर अस्पताल में भर्ती लड़की की मांग में युवक ने भरा सिंदूर तो जमकर हंगामा हुआ। लड़की की मां और उसके भाई ने युवक की जमकर पिटाई कर दी।
इसके बाद केहाट थाने की पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले आई है। युवक रिश्ते में लड़की की भाभी का भाई बताया जा रहा है। दरअसल मामला रात दस बजे की है। पूर्णिया के हरदा सतकोदरिया के निवासी की 25 वर्षीय बेटी शनिवार की सुबह से ही अस्पताल में भर्ती थी। बताया जाता है कि उसने आयरन की काफी गोलियां निगल ली थी। इसके बाद से उसे अस्पताल लाया गया। शनिवार की देर शाम तक स्थिति सामान्य होने लगी। इस बीच लड़की की भाभी का भाई दस बजे रात अस्पताल पहुंचा।
उसने आनन-फानन में भर्ती लड़की की मांग में सिंदूर डाल दिया। उस समय लड़की की मां और उसका भाई वहां मौजूद था। दोनों ने मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। युवक अकेला था। अन्य लोगों को भी जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो उसकी जमकर पिटाई कर दी। साथ ही केहाट थाने की पुलिस की इसकी सूचना दी। केहाट थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही थाने की पुलिस को अस्पताल भेजा गया। साथ ही युवक की गिरफ्तारी कर थाने ले आई। फिलहाल लिखित आवेदन नहीं मिला है।
दरअसल, इलाज के लिए भर्ती युवती ने बताया कि वह उस युवक से वो प्यार करती है। वहीं नीतीश की गिरफ्तारी के बाद से युवती उसकी रिहाई की जिद करने लगी और तबतक इलाज कराने से मना कर दिया और कहा कि जबतक नीतीश को पुलिस नहीं छोड़ देती। आरोपी को अपना पति कहते हुए युवती का कहना है कि जब तक उसके पति नहीं आएंगे वे इलाज नहीं करवाएगी। उसने ये भी कहा कि अगर उसे कुछ होता है तो उसका जिम्मेदार अस्पताल प्रशासन होगा। युवती का कहना है कि वे दोनों बालिग हैं और उनकी शादी एक दूसरे की मर्जी से हुई है। बताया जाता है कि के नगर थाने के सतकोदरिया गांव की रहने वाली एक युवती से इसी थाने के विषहरिया के युवक से पिछले तीन चार सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
दोनों शादी करना चाहते थे मगर दोनों के घर वाले तैयार नहीं थे। कहा जा रहा है कि घर वालों की रवैये से क्षुब्ध युवक ने शुक्रवार को आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने पर उसकी जान बच गई। जब इस बात की खबर लड़की को मिली तो आनन-फानन में शनिवार को उसने भी आत्महत्या की कोशिश की। घरवालों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।