समलैंगिक संबंध में बाधक बनने पर पत्नी ने करवा दी पति की हत्या! दी थी एक लाख रुपये की सुपारी
By एस पी सिन्हा | Published: February 26, 2023 03:02 PM2023-02-26T15:02:41+5:302023-02-26T15:06:18+5:30
बिहार में हत्या का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने ही समलैंगिक संबंध में बाधक बनने पहले पति की हत्या अपने पार्टनर के साथ मिलकर करा दी।
पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर से समलैंगिक प्रेम प्रसंग का ऐसा चौंकाने मामला सामने आया है, जिसमें एक शख्स की हत्या हो गई। सामने आई जानकारी के अनुसार पत्नी के समलैंगिक संबंध में पति की हत्या हो गई। दरअसल, पत्नी की समलैंगिक पार्टनर पति के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने लगी। पति हालांकि दोनों के रिश्ते का सच जान उनसे संबंध खत्म करने के लिए कह रहा था। पत्नी के समलैंगिक संबंध का विरोध करना पति का महंगा पड़ गया।
आरोपों के अनुसार पत्नी ने अपनी समलैंगिक साथी के साथ मिलकर साजिश कर हत्या करवा दी। इसका खुलासा पुलिस की जांच मे हुआ है। जांच के बाद पुलिस ने दोनों समलैंगिक प्रेमी जोड़े के साथ ही कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरे मामले का खुलासा करते हुए पटना पश्चिमी के सिटी एसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी रानी और मृतक पवन राम की पत्नी निशू का संबंध ही हत्या का कारण बन गया। पुलिस को रानी के पास से मृतक का मोबाइल मिला, जिसके बाद संदेह के आधार पर रानी को हिरासत में लेकर पुलिस ने पुछताछ शुरू की गई थी। इस पुछताछ में पता चला कि रानी पिछले वर्ष मृतक के पत्नी निशू से एक अस्पताल में मिली थी।
इसके बाद वह निशू से बात करने लगी और उससे रानी को प्यार हो गया। रानी और निशू साथ रहना चाहते थे। रानी उसके घर पर ने जाने लगी थी। इसी क्रम में पवन से रानी का जान पहचान हो गया। उसके साथ भी रानी ने अंतरंग संबंध बनाई ताकि वो निशू के साथ वह रह सके। रानी उसके घर जाकर कई बार रही थी। इसका पवन विरोध करता था। विरोध की वजह से उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा भी हुआ था।
झगड़े के बाद निशु और रानी पवन को अपना दुश्मन मानने लगी और दोनों ने मिलकर उसकी हत्या का योजना बनाई। रानी ने मोनू, प्रिंस और अपने बहन के पुत्रों राहूल और सूरज के साथ मिलकर पवन की हत्या करा दी। इसके लिए उसने एक लाख रुपए की सुपारी दी। 20 हजार रुपए एडवांस दे दिए थे।