चुनावी रंजिश के कारण बदमाशों ने मारा नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य के पति को गोली, पुलिस जांच में जुटी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: December 8, 2021 01:40 PM2021-12-08T13:40:23+5:302021-12-08T13:47:17+5:30
जमुई में बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर नव निर्वाचित वार्ड के सदस्य के पति की हत्या कर दी है। इस हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
बिहार: जमुई जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। अपराधियों ने चुनावी रंजिश के कारण नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य के पति को गोली मार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय घटी जब वार्ड सदस्य के पति रात को अपने घर वापस आ रहे थे। घटना की जाकारी पुलिस को दी गई है और लाश को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि यह घटना लक्ष्मीपुर थाना इलाके के मगही गांव में बीती रात हुई है। गवाहों के अनुसार, मृतक राजकुमार यादव की गोली मारकर हत्या उस समय की गई जब वह अपने साथियों के साथ घर वापस लौट रहे थे। अपराधियों ने यादव को 7 गोलियां मारीं जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक राजकुमार यादव नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य प्रतिमा देवी का पति है। प्रतिमा देवी ककनचौर पंचायत के वार्ड संख्या 12 से निर्वाचित हुई है। पुलिस को मौका-ए-वारदात से कारतूस के 13 खोखे भी मिले हैं।
चुनावी रंजिश हो सकता है हत्या का कारण
लोगों की माने तो इस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का मामला है। वहीं मृतक के रिश्तेदारों ने इस हत्या के पीछे संजय यादव नामक एक स्थानीय शख्स का हाथ बताया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज, मामले की जांच में जुट गई है।