भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में दो के खिलाफ मामला दर्ज, अभिनेत्री की मां ने की थी शिकायत
By शिवेंद्र कुमार राय | Published: March 28, 2023 11:36 AM2023-03-28T11:36:14+5:302023-03-28T11:38:00+5:30
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने बनारस के एक होटल में रविवार, 26 मार्च को आत्महत्या कर ली थी। रिपोर्ट के मुताबिक आकांक्षा ने सारनाथ थाना क्षेत्र के सोमेंद्र होटल में फांसी लगा ली। इस मामले में आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था।

आकांक्षा दुबे ने बनारस के एक होटल में रविवार, 26 मार्च को आत्महत्या कर ली थी
वाराणसी: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के कथित आत्महत्या मामले में पुलिस ने सोमवार को भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। आकांक्षा दुबे वाराणसी में एक होटल के कमरे के अंदर मृत पाई गई थीं। आकांक्षा दुबे की मां ने गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था।
मामले की जानकारी देते हुए वाराणसी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने सोमवार को कहा, "शिकायत में भोजपुरी फिल्मों से जुड़े समर सिंह और संजय सिंह नाम के दो लोगों का नाम है।"
आकांक्षा दुबे के मेकअप आर्टिस्ट राहुल ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन जब मैंने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला। मैंने बाथरूम में पानी चलने की आवाज सुनी तो मैंने 25 मिनट तक इंतजार किया। लेकिन जब उसने उसके बाद भी दरवाजा नहीं खोला तो मैंने होटल स्टाफ को फोन किया। दरवाजा खोला तो पाया कि वह लटकी हुई है। मेकअप आर्टिस्ट राहुल ने बताया कि वह आकांक्षा के साथ पिछले ढाई साल से काम कर रहे थे। दोनों एक ही शहर भदोही से हैं।
बता दें कि मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने बनारस के एक होटल में रविवार, 26 मार्च को आत्महत्या कर ली थी। रिपोर्ट के मुताबिक आकांक्षा ने सारनाथ थाना क्षेत्र के सोमेंद्र होटल में फांसी लगा ली। इस मामले में आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने कहा कि समर सिंह और संजय सिंह ने आकांक्षा से तीन साल से करोड़ों रुपयों का काम कराकर पैसा रोका था। उन्होंने ये भी कहा कि 21 तारीख को समर सिंह के भाई संजय सिंह ने आकांक्षा दुबे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बारे में आकांक्षा दुबे ने खुद उनको फोन से इसकी जानकारी दी थी।
आकांक्षा का पवन सिंह के साथ नया गाना 'आरा कभी हारा नहीं' उसी दिन रिलीज हुआ जिस दिन उनकी आत्महत्या की खबर सामने आई। आकांक्षा दुबे ने कुछ दिन पहले ही अपने सोशल मीडिया के एक पोस्ट में कहा था कि 'वह कह रही हैं कि बुरी कल भी नहीं थी और अच्छी आज भी नहीं हूं।' खबरों की मानें तो आकांक्षा गायक समर सिंह को डेट कर रही थीं।