अचलपुर-परतवाड़ा यौन उत्पीड़नः हिंदू-मुस्लिम विवाद भड़काने की कोशिश?, भाजपा नेता नवनीत राणा पर अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष प्यारे खान ने लगाया आरोप
By फहीम ख़ान | Updated: April 17, 2026 13:16 IST2026-04-17T13:14:42+5:302026-04-17T13:16:12+5:30
Achalpur-Paratwada sexual harassment: पीड़िताओं के अभिभावकों ने नवनीत राणा के खिलाफ पॉस्को के तहत कार्रवाई की मांग की है.

नवनीत राणा.
नागपुर:अचलपुर-परतवाड़ा में हुए यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है. राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने भाजपा नेता नवनीत राणा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम विवाद भड़काने की कोशिश की. वे नागपुर में शुक्रवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे. प्यारे खान ने कहा कि इस मामले में अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कितने भी बड़े नेता क्यों न हों. उन्होंने बताया कि इस संबंध में अमरावती के पुलिस आयुक्त राकेश ओला को निर्देश दिए गए हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” का नारा देने वाली भाजपा में ऐसे नेताओं की जरूरत नहीं है और नवनीत राणा को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजा जा रहा है. प्यारे खान के मुताबिक, कुछ पीड़िताओं के अभिभावकों ने नवनीत राणा के खिलाफ पॉस्को के तहत कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार इस पर कार्रवाई संभव है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नवनीत राणा दंगे भड़काने की कोशिश कर रही हैं. वहीं, इस मामले में धर्म का कोई एंगल नहीं होने की बात भी उन्होंने साफ की. प्यारे खान ने बताया कि परतवाड़ा में जांच के लिए राज्य अल्पसंख्यक आयोग की टीम भेजी गई है.
साथ ही यह सवाल भी उठाया कि जब नवनीत राणा अमरावती में थीं, तब उन्हें इस घटना की जानकारी क्यों नहीं मिली. इस पूरे मामले ने अमरावती में राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.
