बलिया में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म, गांव के ही 25 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
By भाषा | Published: September 10, 2022 12:05 PM2022-09-10T12:05:59+5:302022-09-10T12:27:28+5:30
नगरा थाना के प्रभारी देवेन्द्र नाथ दूबे ने शनिवार को बताया कि नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली सात वर्षीय बालिका से उसके गांव में ही रहने वाले रोहित चौहान ने पांच सितंबर की शाम को कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
बलियाः जिले में नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली सात वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इसी गांव में ही रहने वाले 25 वर्षीय युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। नगरा थाना के प्रभारी देवेन्द्र नाथ दूबे ने शनिवार को बताया कि नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली सात वर्षीय बालिका से उसके गांव में ही रहने वाले रोहित चौहान ने पांच सितंबर की शाम को कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
घटना के समय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। ऐसा आरोप हैकि रोहित ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया तथा गांव में ही अपने मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता की तहरीर पर शुक्रवार शाम को रोहित चौहान के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता और यौन बाल अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून की सुसंगत धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि ऐसा ही एक मामला उत्तरी पूर्वी दिल्ली से भी आया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक 3 साल की बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में उसके पड़ोसी 14-वर्षीय किशोर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बकौल पुलिस, बच्ची की मां द्वारा किशोर से उसके माता-पिता के सामने पूछताछ करने पर उसने यौन उत्पीड़न की बात स्वीकार की। मामले में पॉक्सो ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।