Highlightsपुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक है।अब भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना पा रहे हो, है ना? बहुत बढ़िया खेले - ऐसे ही खेलते रहो!न्यूजीलैंड को 10 ओवर में आठ विकेट से हराकर पांच मैच की श्रृंखला अपने नाम कर ली।
गुवाहाटीः गुवाहाटी में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड पर भारत ने शानदार जीत हासिल की और 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की बढ़त ले ली। अभिषेक शर्मा युवराज सिंह के सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक के रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ एक गेंद चूक गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस पर मजेदार चर्चा शुरू हो गई। बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और युवराज के उस ऐतिहासिक 12 गेंदों के अर्धशतक से चूक गए, जो आज भी पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक है।
अभिषेक की तूफानी शुरुआत की बदौलत भारत ने सिर्फ 10 ओवरों में लक्ष्य का पीछा कर लिया और आठ विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। युवी ने सोशल मीडिया पर लिखा अब भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना पा रहे हो, है ना? बहुत बढ़िया खेले - ऐसे ही खेलते रहो!
किसी FM टीम के खिलाफ सबसे तेज़ 50 रन (गेंदों के हिसाब से)-
12 गेंद - युवराज सिंह बनाम इंग्लैंड, डरबन 2007
13 गेंद - जान फ्रायलिंक बनाम जिम्बाब्वे, बुलावेयो 2025
14 गेंद - कॉलिन मुनरो बनाम श्रीलंका, ऑकलैंड 2016
14 गेंद - अभिषेक शर्मा बनाम न्यूजीलैंड, गुवाहाटी 2026*
15 गेंदे - क्विंटन डी कॉक बनाम वेस्ट इंडीज, सेंचुरियन 2023।
शर्मा ने महज 14 गेंद में पांच चौके और चार छक्के से धमाकेदार अर्धशतक जड़ा, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक और आक्रामक पचासा लगाकर शानदार फॉर्म जारी रखी जिससे भारत ने रविवार को यहां तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड को 10 ओवर में आठ विकेट से हराकर पांच मैच की श्रृंखला अपने नाम कर ली।
भारत ने 154 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावर-हिटिंग से इस मुकाबले को एकतरफा बना दिया जिसमें अभिषेक ने 20 गेंद में सात चौके और पांच छक्के से नाबाद 68 रन जबकि सूर्यकुमार ने 26 गेंद में छह चौके और तीन छक्के से नाबाद 57 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए महज 40 गेंद में 102 रन की अटूट साझेदारी से भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 155 रन बनाकर अजेय बढ़त बना ली।
शर्मा ने कहा कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के प्रोत्साहन के बाद वह पूर्व कप्तान रोहित शर्मा द्वारा टी20 अंतरराष्ट्रीय पावरप्ले के लिए तय किए गए आक्रामक खेल का अनुकरण कर रहे हैं। अभिषेक ने 2024 जुलाई में टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था और अपनी तेज-तर्रार बल्लेबाजी की बदौलत उन्होंने बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
अब तक 34 मैच में उन्होंने दो शतक और सात अर्धशतक के साथ 1199 रन बनाये हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 190.92 है। अभिषेक ने रोहित के प्रभाव पर बात करते हुए ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘रोहित भाई ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। पावरप्ले में वह जो शुरुआत देते थे, उससे प्रतिद्वंद्वी टीम पर हमेशा दबाव बना रहता था। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं टीम में आया तो कोच और कप्तान मुझसे यही चाहते थे। मुझे लगता है कि यह मेरी बल्लेबाजी शैली के अनुरूप भी है क्योंकि मुझे शुरुआत से ही आक्रामक खेलने का शौक है। मैं रोहित भाई के नक्शेकदमों पर चल रहा हूं और मुझे इस तरीके से खेलकर भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर खुशी है। ’’
अभिषेक ने कहा कि उनकी बल्लेबाजी में सुधार की गुंजाइश जरूर है लेकिन उन्हें अपनी भूमिका पर पूरी स्पष्टता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं पूरी तरह से परिपक्व हो गया हूं क्योंकि हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। लेकिन मुझे लगता है कि मेरी भूमिका पहले छह ओवरों में आक्रामक क्रिकेट खेलना है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसके लिए बहुत अभ्यास कर रहा हूं। मुझे पता है कि अगर मैं अच्छी शुरुआत दूं या शुरू से अच्छा इरादा दिखाऊं तो टीम उसी लय का अनुकरण कर सकती है, मैं हमेशा इसके बारे में सोचता हूं। ’’ टी20 विश्व कप शुरु होने में कुछ ही दिन बचे हैं, अभिषेक ने बताया कि उन्होंने कुछ खास तरह के गेंदबाजों के खिलाफ खेलने का अभ्यास किया है जिनका वे टूर्नामेंट में सामना करेंगे।
अभिषेक ने कहा, ‘‘अगर मुझे आक्रामक क्रिकेट खेलना है तो मुझे एक खास तरह से अभ्यास करना होगा। मैं मैच से पहले यही करता हूं। जब मुझे एक हफ्ते या दस दिन का समय मिलता है तो मैं ध्यान में रखता हूं कि अगले मुकाबलों में मुझे किस प्रकार के गेंदबाजों का सामना करना है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं आगामी टी20 विश्व कप के लिए भी अभ्यास कर रहा हूं।