कोरोना महामारी के बीच ड्यूटी पर तैनात मुंबई पुलिस, विराट-अनुष्का ने की 5-5 लाख रुपये की मदद

कोरोना वायरस महामारी से अभी तक दुनिया भर में 2,76,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 40 लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं...

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: May 09, 2020 6:25 PM

Open in App

मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने शनिवार को बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने कोरोना वायरस महामारी के बीच पुलिस कल्याण के लिये पांच-पांच लाख रुपये का योगदान दिया है।

सिंह ने अपने अधिकारिक हैंडल पर ट्वीट किया, ‘‘विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के मुंबई पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिये पांच-पांच लाख रुपये योगदान करने के लिये शुक्रिया। आपका योगदान कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मुंबई पुलिस की मदद करेगा।’’

इससे पहले कोहली और अनुष्का ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिये प्रधानमंत्री ‘केयर्स’ कोष और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिया था, लेकिन इस राशि का खुलासा नहीं किया था।

कोरोना वायरस महामारी से अभी तक दुनिया भर में 2,76,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 40 लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं। देश में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि लोगों को अब कोरोना वायरस के साथ जीना सीखना होगा।

देश में कोरोना वायरस से अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 60,000 के करीब पहुंच चुकी है, जबकि महामारी से मरने वालों की संख्या 1,900 से ज्यादा हो गई है। देश के 216 जिले ऐसे हैं जिनमें कोरोना वायरस संक्रमण का अभी तक कोई मामला नहीं आया है, वहीं कई जिलों में हालात पहले से सुधरे हैं और वहां भी मामले आने बंद हो गए हैं। 

(भाषा इनपुट के साथ)

टॅग्स :कोरोना वायरसविराट कोहलीअनुष्का शर्माकोरोना वायरस इंडियासीओवीआईडी-19 इंडियाकोरोना वायरस लॉकडाउनइंडियामोदी सरकार

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या