Highlightsपुडुचेरी ने मुंबई को 6 विकेट से हराया।अर्जुन तेंदुलकर ने बनाए 3 रन, खाते में आया 1 विकेट।2 मैचों में 2 शिकार कर सके अर्जुन तेंदुलकर।
Syed Mushtaq Ali Trophy 2021, Mumbai vs Puducherry, Elite Group E: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 17 जनवरी को एलीट ग्रुप-ई में मुंबई और पुडुचेरी के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें पुडुचेरी ने 6 विकेट से जीत दर्ज की।
संथा मूर्ती ने झटके 5 विकेट, मुंबई महज 94 रन पर ऑलआउट
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम महज 19 ओवरों में 94 रन पर सिमट गई। शिवम दुबे ने 28, जबकि अक्षर पार्कर ने 20 रन बनाए। विपक्षी टीम की तरफ से संथा मूर्ती ने सर्वाधिक 5 शिकार किए।
पुडुचेरी ने 6 गेंदें शेष रहते जीता मैच
इसके जवाब में पुडुचेरी ने 19 ओवरों में 4 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज एस कार्तिक ने 26, जबकि कप्तान दामोदरन रोहित ने 18 रन बनाए। इनके अलावा शेल्डन जैक्सन ने 24 रन की पारी खेली। मुंबई की ओर से शिवम दुबे ने 2, जबकि अर्थव अंकोलकर-अर्जुन तेंदुलकर ने 1-1 शिकार किया।
इस दौरान मुंबई की ओर से महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को एक बार फिर नंबर-11 पर बल्लेबाजी के लिए उतारा गया। भले ही पिछली बार हरियाणा के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए उतरने के बावजूद उन्हें कोई गेंद खेलने के लिए नहीं मिली थी, लेकिन इस बार उन्होंने 7 गेंदों का सामना किया और महज 3 रन बनाकर आउट हुए।
अर्जुन तेंदुलकर ने 2 मैचों में झटके 2 विकेट
इसके अलावा अर्जुन तेंदुलकर ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 33 रन देकर 1 शिकार किया। पिछले मुकाबले में उन्होंने 34 रन देकर 1 विकेट झटका था। यानी इस टूर्नामेंट अब तक अर्जुन 67 रन देकर महज 2 ही विकेट झटक सके हैं।
अर्जुन तेंदुलकर के लिए खुला आईपीएल का रास्ता
सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में 15 जनवरी को हरियाणा के खिलाफ 21 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई की सीनियर टीम में डेब्यू किया था, जिसके साथ अब अर्जुन के लिए इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी के लिए क्वालीफाई का रास्ता भी साफ हो चुका है।
अर्जुन मुंबई के लिए विभिन्न उम्र के ग्रुप टूर्नामेंट में खेलते रहे हैं। अर्जुन उस टीम का भी हिस्सा थे, जो आमंत्रण टूर्नामेंट खेलती है। अर्जुन को भारत की राष्ट्रीय टीम के नेट में भी गेंदबाजी करते हुए देखा गया और उन्होंने 2018 में श्रीलंका का दौरा करने वाली अंडर-19 टीम में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।