धोनी के वनडे करियर का सबसे निराशाजनक साल रहा है 2018, नहीं जड़ पाए हैं एक भी अर्धशतक

MS Dhoni: वर्ष 2018 धोनी के वनडे करियर का सबसे निराशाजनक साल रहा है, इस साल धोनी 19 मैचों में एक बार भी पचास के आंकड़ों तक नहीं पहुंच पाए हैं

By अभिषेक पाण्डेय | Published: October 31, 2018 04:39 PM2018-10-31T16:39:35+5:302018-10-31T16:39:35+5:30

MS Dhoni odi record in 2018, worst ever in his career | धोनी के वनडे करियर का सबसे निराशाजनक साल रहा है 2018, नहीं जड़ पाए हैं एक भी अर्धशतक

2018 रहा धोनी के वनडे करियर का सबसे खराब साल

googleNewsNext

एमएस धोनी के लिए वर्ष 2018 उनके करियर का सबसे निराशाजनक साल बन गया है। अपनी खराब फॉर्म की वजह से वह लंबे समय से आलोचकों के निशाने पर हैं। वेस्टइंडीज के साथ जारी पांच वनडे मैचों की सीरीज में भी धोनी का बल्ला खामोश ही रहा है और अब तक चार मैचों में वह 20, 7 और 23 के स्कोर समेत कुल 50 रन ही बना पाए हैं। 

धोनी के अपार अनुभव को देखते हुए वह इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप 2019 में खेलने के लिए प्रमुख दावेदार हैं लेकिन उनकी खराब फॉर्म लगातार उनके लिए मुसीबत बनती जा रही है। साथ ही ऋषभ पंत जैसे युवा विकेटकीपर बल्लेबाजों के उदय से उन्हें लगातार मुश्किल चुनौती मिल रही है। 

2018 रहा है धोनी के वनडे करियर का सबसे  खराब साल

इस साल धोनी ने 19 मैचों की 13 पारियों में महज 25 की औसत से 71.43 के स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए हैं और उनका उच्चतम स्कोर 42* का रहा है। ये औसत के लिहाज से ये धोनी के करियर का सबसे खराब साल रहा है। ये सिर्फ दूसरी बार है जब धोनी का औसत 40 के नीचे रहा है, इससे पहले ऐसा 2016 में हुआ था। धोनी ने 2016 में 13 वनडे में 27.80 की औसत और 80.12 के स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए थे लेकिन उस साल उनका उच्चतम स्कोर था 80 रन।

धोनी ने इस पूरे साल वनडे में एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है और उनका स्ट्राइक रेट (71.43)  भी दुनिया के विकेटकीपरों में सबसे खराब रहा है। विंडीज टीम के विकेटकीपर शाई होप का स्ट्राइक रेट इस साल 70 रहा है। 

इससे पहले धोनी का सबसे खराब स्ट्राइक रेट 2010 में रहा था। उस साल उन्होंने 18 वनडे में 46.15 की औसत और 78.95 के स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए थे, जिनमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे।

अपनी तेजतर्रार बैटिंग के लिए चर्चित एमएस धोनी का बल्ला इस साल रन बनाने के लिए जूझता रहा है, यही वजह है कि उनका स्ट्राइक रेट इस साल सिर्फ 71.43 रहा है, जो उनके वनडे करियर का सबसे खराब स्ट्राइक रेट है। इससे पहले कभी भी धोनी का वनडे स्ट्राइक रेट 78 के नीचे कभी नहीं आया है।

कभी चौके-छक्के लगाने के लिए मशहूर रहे धोनी इस साल इस क्षेत्र में भी असफल रहे हैं। इस साल उन्होंने प्रति बाउंड्री के लिए करीब 19 गेंदें खेली हैं, जो उनके करियर का सबसे खराब गेंद/बाउंड्री औसत है। वहीं इस साल धोनी सिर्फ दो ही छक्के लगा पाए हैं।

एक बड़े रिकॉर्ड से सिर्फ एक रन दूर हैं धोनी

खराब फॉर्म से जूझ रहे धोनी के पास विंडीज के खिलाफ वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें वनडे में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। धोनी ने अब तक भारत के लिए वनडे में 9999 रन बनाए हैं और वनडे में 10 हजार रन पूरा करने वाला पांचवां बल्लेबाज बनने के लिए उन्हें 1 रन की जरूरत होगी। 

धोनी वैसे तो अब तक 331 वनडे में 10173 रन बना चुके हैं लेकिन इसमें से 174 रन उन्होंने 2007 में एशिया इलेवन के लिए अफ्रीका इलेवन के खिलाफ बनाए थे।

Open in app