पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि भारतीय टीम को महेंद्र सिंह धोनी के बगैर खेलने की आदत डालनी होगी क्योंकि दो बार के विश्व कप विजेता कप्तान हमेशा नहीं खेलेंगे। गांगुली ने ‘इंडिया टुडे’ से कहा ,‘‘भारतीय क्रिकेट को इसकी आदत डालनी होगी कि धोनी लंबे समय तक नहीं खेलेंगे । मेरा मानना है कि यह फैसला धोनी को ही लेना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर बड़े खिलाड़ी को संन्यास लेना होता है। यही खेल है। फुटबॉल में माराडोना को भी संन्यास लेना पड़ा। तेंदुलकर, लारा, ब्रैंडमेन सभी को खेल को अलविदा कहना पड़ा। ऐसा ही होता आया है।’’ उन्होंने हालांकि कहा कि अंतिम फैसला धोनी को ही लेना है।