नवी मुंबईः यूपी वॉरियर्स कप्तान मेग लैनिंग (70 रन) और फीबी लिचफील्ड (61) ने मुंबई में मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरे मैच में मात दी। यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को दिया 188 रन का लक्ष्य दिया था और MI की टीम केवल 165 रन बना सकी और 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई की टीम 5 मैच में 2 जीत, 3 हार के साथ अभी भी नंबर-2 पर कायम है। यूपी वॉरियर्स की टीम 5 मैच में 2 जीत और 3 हार के साथ चौथे पायदान पर है। आरबीसी की टीम 3 मैच में 3 जीत के साथ पहले स्थान पर है। गुजरात की टीम तीसरे और दिल्ली की टीम 5वें पायदान पर है।
यूपी वॉरियर्स ने कप्तान मेग लैनिंग (70 रन) और फीबी लिचफील्ड (61) के अर्धशतकों और दूसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से शनिवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) मैच में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को 22 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दोनों टीम तीन दिन में दूसरी बार आमने सामने हुईं।
दोनों ही बार यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को पराजित किया। लैनिंग की अगुआई वाली यूपी वॉरियर्स ने आठ विकेट पर 187 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस 20 ओवर में छह विकेट पर 165 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की आधी टीम 11वें ओवर में 69 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी।
इसके बाद अमेलिया केर (नाबाद 49 रन) और अमनजोत कौर (41 रन) ने मिलकर छठे विकेट के लिए 45 गेंद में 83 रन की भागीदारी की। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यूपी वॉरियर्स ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर खाता खोला था। अब दोनों टीमों के पांच मैच में चार चार अंक हैं।
यूपी वॉरियर्स के लिए शिखा पांडे ने 30 रन देकर दो विकेट झटके जबकि क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और क्लो ट्रायोन को एक एक विकेट मिला। मुंबई इंडियंस के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 रन, नटाली साइवर ब्रंट ने 15, हैली मैथ्यूज ने 13 रन और सजीवन सजना ने 10 रन बनाए।
इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सलामी बल्लेबाज किरण नवगिरे लगातार पांचवें मैच में असफल रहीं और पहले ही ओवर में निकोला कैरी की गेंद पर बोल्ड हो गईं। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की महान क्रिकेटर लैनिंग ने हमवतन लिचफील्ड के साथ महज 76 गेंद में 119 रन की भागीदारी निभाकर टीम के प्रतिस्पर्धी स्कोर की नींव रखी।
लैनिंग ने 45 गेंद की पारी के दौरान 11 चौके और दो छक्के जमाए जबकि उभरती हुई स्टार लिचफील्ड ने 37 गेंद में सात चौके और तीन छक्के जड़े। पर 13वें ओवर में अमनजोत कौर ने लिचफील्ड को आउट किया जिससे यूपी वॉरियर्स को 124 रन पर दूसरा झटका लगा। अगले ओवर में लैनिंग भी पवेलियन लौट गईं जिससे स्कोर तीन विकेट पर 136 रन हो गया।
फिर हरलीन देओल ने 16 गेंद में 25 रन और क्लो ट्रायोन ने 13 गेंद में 21 रन बनाकर योगदान दिया। मुंबई इंडियंस का क्षेत्ररक्षण काफी लचर रहा और उसने कम से कम पांच छोड़े। उसके लिए अमेलिया केर ने 28 रन देकर तीन जबकि नटाली साइवर ब्रंट ने 22 रन देकर दो विकेट झटके। निकोला कैरी, हैली मैथ्यूज और अमनजोत कौर को एक एक विकेट मिला।