नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के विकिपीडिया पेज पर खालिस्तान का नाम जोड़े जाने के मामले को लेकर सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय गंभीर हो गया है। मंत्रालय ने अब इस मामले में भारत में विकिपीडिया के अधिकारियों को समन जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। भारत-पाकिस्तान के रविवार के मैच के बाद अर्शदीप सिंह के विकिपीडिया पेज पर कई बदलाव किए गए थे जो सार्वजनिक तौर पर नजर भी आ रहे थे। हालांकि बाद में इसे सुधारा गया।
23 साल के अर्शदीप सिंह से रविवार को एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाड़ी आसिफ अली का कैच छूट गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स उन पर सवाल खड़ा करना शुरू कर दिया था। विकिपीडिया और सोशल मीडिया पर उनके खालिस्तान से जुड़े होने की बात लिखी गई।
क्या लिखा गया अर्शदीप के विकिपीडिया पेज पर
अर्शदीप के विकिपीडिया पेज एडिट कर लिखा गया, 'अर्शदीप ने 2018 अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में खालिस्तान स्कवॉड की ओर से डेब्यू किया। इसके बाद जुलाई 2022 में वह खालिस्तान की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में आए। अगस्त 2022 में उनका नाम खालिस्तान एशिया कप स्कवॉड में जोड़ा गया।'
वहीं, सामने आई जानकारी के अनुसार ऐसा ट्रेंड पाकिस्तान की ओर से चलाया गया। इसे लेकर भी यूजर्स ने आईपी अड्रेस और दूसरी डिटे्स साझा किए हैं।
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने लिखा, 'अर्शदीप सिंह के खिलाफ पाकिस्तान और ISI द्वारा ट्विटर पर चलाए जा खालिस्तानी ट्रेंड की मैं कड़ी निंदा करता हूं। हर भारतीय अर्शदीप सिंह के साथ खड़ा है और भारत में सिखों को अलग-थलग करने की पाकिस्तान की नापाक कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल वर्ल्ड टी20 के दौरान पाकिस्तान से हार के बाद मोहम्मद शमी को भी ऐसे ही निशाना बनाया गया था। उस मैच में भारत को पाकिस्तान से 10 विकेट से हार मिली थी। इस मैच में मोहम्मद शमी महंगे साबित हुए थे। उन्होंने 3.5 ओवर में 43 रन दिए। मुकाबले के बाद उनको सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया और अपमानजनक टिप्पणियां की गई थी। इसके भी तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बातें सामने आई थीं।