महेंद्र सिंह धोनी का हेयरस्टाइल फॉलो कर रहे कपिल देव, माही को बताया अपना हीरो

लॉकडाउन के बीच पूर्व कप्तान कपिल देव ने अपना लुक बदल लिया है। उन्होंने इस लुक के साथ अलग-अलग पोज देकर फोटो भी खिंचवाए...

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: April 26, 2020 04:09 PM2020-04-26T16:09:06+5:302020-04-26T16:09:06+5:30

Kapil Dev New look inspired by heroes Viv Richards and MS Dhoni | महेंद्र सिंह धोनी का हेयरस्टाइल फॉलो कर रहे कपिल देव, माही को बताया अपना हीरो

महेंद्र सिंह धोनी का हेयरस्टाइल फॉलो कर रहे कपिल देव, माही को बताया अपना हीरो

googleNewsNext
Highlightsलॉकडाउन के बीच युवा क्रिकेटर्स पर भी भारी पड़ा कपिल देव का नया लुक।अपनी कप्तानी में भारत को विश्व कप खिताब दिला चुके कपिल देव।

लॉकडाउन के बीच इन दिनों क्रिकेटर्स नए-नए स्टाइल में बाल काटकर एक-दूसरे को चैलेंज कर रहे हैं। महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने खुद अपने बालों को ट्रिम किया, तो दूसरी ओर पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी अपना नया लुक फैंस के साथ साझा कर दिया।

इस नए लुक में कपिल देव ने सिर को पूरी तरह से गंजा कर लिया। देखते ही देखते कपिल देव का ये नया लुक वायरल हो गया और कुछ फैंस उनकी तुलना रजनीकांत, कटप्पा तो कुछ थानोस से करने लगे।

हालांकि कपिल देव ने खुद ही इस बात का खुलासा कर दिया है कि उनका ये नया लुक किस खिलाड़ी से प्रभावित है। कपिल देव ने कहा, "मैंने सर विवियन रिचर्ड्स को आपके इंस्टाग्राम पर देखा था। वह मेरे हीरो हैं और मैंने सोचा क्यों नहीं? मैं अपने हीरो को फॉलो करूंगा।"

उन्होंने आगे कहा, "मैंने धोनी को भी देखा और वह भी मेरे हीरो हैं। 2011 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्होंने अपने बाल कटवा लिए थे। तो मैंने सोचा कि क्यों नहीं, अब मेरे पास मौका है इसलिए मैंने ऐसा किया।"

भारत को अपनी कप्तानी में वनडे विश्व कप जिताने वाले कपिल देव पर जल्द फिल्म 83 भी आने वाली है, जिसमें रणवीर सिंह उनका किरदार निभा रहे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय करियर पर एक नजर: कपिल देव ने 131 टेस्ट मैचों में 8 शतक और 27 अर्धशतक की मदद से 5248 रन बनाए। वहीं 225 वनडे की 198 पारियों में 39 बार नाबाद रहते 3783 रन ठोके। इस दौरान उन्होंने 1 शतक, 14 अर्धशतक भी जड़े। बात अगर गेंदबाजी की करें, तो कपिल देव ने अपने करियर में टेस्ट में 434, जबकि वनडे में 253 शिकार किए।

Open in app