IND vs BAN, 1st Test: सुरक्षा घेरा तोड़कर विराट कोहली से मिलने पहुंचा फैन, पुलिस ने हिरासत में लिया

अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कोहली का बड़ा प्रशंसक है और भारतीय कप्तान से मिलने की ख्वाहिश के साथ दर्शक दीर्घा की जाली फांदकर मैदान में घुसा था।

By भाषा | Published: November 16, 2019 4:51 PM

Open in App

भारतीय कप्तान विराट कोहली से मिलने की ख्वाहिश के साथ शनिवार को 22 वर्षीय युवक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए होलकर स्टेडियम के मैदान में घुस गया। इस वक्त स्टेडियम में भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतराष्ट्रीय मैच के दौरान मैदान में घुसे युवक पर नजर पड़ते ही उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक अपना नाम सूरज बिष्ट (22) बता रहा है। वह खुद को उत्तराखंड का मूल निवासी बता रहा है। उसने दावा किया कि वह इंदौर के भंवरकुआं इलाके में खाना बनाने का काम करता है।

अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कोहली का बड़ा प्रशंसक है और भारतीय कप्तान से मिलने की ख्वाहिश के साथ दर्शक दीर्घा की जाली फांदकर मैदान में घुसा था। उन्होंने बताया कि युवक ने कोहली का नाम छपी टी-शर्ट पहन रखी थी।

इस शख्स ने अपने हाथ पर कोहली के नाम का टैटू भी बनवा रखा था। उसने अपने चेहरे पर रंगों से "वीके" लिख रखा था। अधिकारियों ने बताया कि युवक की पहचान की तसदीक की जा रही है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर मामले में उचित कदम उठाया जायेगा।

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या