भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली और वनडे करियर का एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 46वां रन बनाने के साथ ही वनडे क्रिकेट में 8000 रन पूरे किए और सबसे तेज 8 हजार रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया।
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में 8000 रन पूरे करने वाले भारत के नौवें और दुनिया के 31वें बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित से पहले जिन भारतीय बल्लेबाजों ने वनडे में 8000 रन पूरे किए, उनमें सचिन तेंदुलकर (18426) , सौरव गांगुली (11363), राहुल द्रविड़ (10889), विराट कोहली (10843), महेंद्र सिंह धोनी (10500), मोहम्मद अजहरूद्दीन (9378), युवराज सिंह (8701) और वीरेंद्र सहवाग (8273) शामिल हैं।
रोहित शर्मा ने सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी का सबसे तेज 8000 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। सौरव गांगुली ने वनडे क्रिकेट में 8000 रनों का आंकड़ा 200वें इनिंग में पूरे किए थे।
वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज 8000 रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 175 इनिंग में यह कारनामा किया था। दूसरे नंबर पर एबी डिविलियर्स हैं, जिन्होंने 182 इनिंग में 8 हजार रन बनाए थे। अब तीसरे नंबर पर सौरव गांगुली के साथ रोहित शर्मा भी आ गए हैं।
सबसे तेज 8 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी | इनिंग्स |
विराट कोहली (भारत) | 175 |
एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका) | 182 |
सौरव गांगुली (भारत) और रोहित शर्मा (भारत) | 200 |
रॉस टेलर (न्यूजीलैंड) | 203 |
सचिन तेंदुलकर (भारत) | 210 |
ब्रायन लारा (विंडीज) | 211 |
एमएस धोनी (भारत) | 214 |
सईद अनवर (पाकिस्तान) | 218 |
डेसमंड हाइनेस (विंडीज) | 219 |
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) | 220 |
रोहित शर्मा का हालिया प्रदर्शन
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे मैच में धमाकेदार पारी खेली थी और 92 गेंदों में 7 चौके व दो छक्के की मदद से 95 रन बनाए थे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज में उनका फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है और उन्होंने शुरुआती तीन मैच में 14, 0 और 37 रनों की पारी खेली थी।