Highlightsऑस्ट्रेलिया की टीम के तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन चोटिलभारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर रिचर्डसन आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं
नई दिल्ली: भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से ऑस्ट्रेलिया की टीम के तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन चोटिल होने की वजह से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह नाथन एलिस को ऑस्ट्रेलियाई स्क्वाड में लिया गया है। रिचर्डसन आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। आईपीएल के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च 2023 से होने वाला है, IPL तक झाय रिचर्डसन के चोट से उबरने के आसार कम नजर आ रहे हैं। रिचर्डसन को मुंबई फ्रेंचाइजी ने दिसंबर 2022 में हुए ऑक्शन में 1.50 करोड़ में खरीदा था। मुंबई के एक तेज गेदबाज जसप्रीत बुमराह पहले ही 16वें सीजन से बाहर हैं ऐसे में रिचर्ड्सन का बाहर होना मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा झटका है।
बिग बैश लीग (BBL) के दौरान रिचर्डसन को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। चोट के चलते पूरे दो महीने मैदान से बाहर रहने के बाद बीते शनिवार को रिचर्डसन अपने क्रिकेट क्लब फर्मेंटल की ओर से खेल रहे थे। यहां वह 50 ओवरों के मैच में केवल चार ओवर ही फेंक पाए। उन्हें गेंदबाजी करने में असहजता महूसस हुई और फिर वह फौरन स्कैन के लिए पहुंच गए। इसके बाद मेडिकल जांच में एक बार फिर उनकी हैमस्ट्रिंग इंजरी सामने आई।
झाय रिचर्डसन साउथ अफ्रीका के खिलाफ पर्थ में खेले जाने वाले मार्श कप के फाइनल में भी नहीं खेल पाए। उन्होंने 4 जनवरी को अपने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के बाद से कोई क्रिकेट नहीं खेला है। तब ये उम्मीद की गई थी कि वह फिट होकर मार्श कप या शेफील्ड शील्ड ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका
मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह की बात करें तो वह सर्जरी कराने के लिए न्यूजीलैंड पहुंच गए हैं। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक डॉ. रोवन शाउटन की देखरेख में सर्जरी करवाएंगे जो इस तरह की सर्जरी में माहिर माने जाते हैं। डॉ. रोवन शाउटन ने ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की पीठ की भी सर्जरी की थी। एक बार सर्जरी खत्म होने के बाद जसप्रीत बुमराह को लंबे रिहैब से गुजरना होगा। इसमें कम से कम 3 से 4 महीने लगेंगे। उन्हें पूरी तरह से ठीक होने में 20से 24 सप्ताह (लगभग साढ़े 5 महीने) लगेंगे, जिसका मतलब है कि सितंबर के दौरान वह जल्द से जल्द मैदान में लौट सकते हैं। ऐसे में जोफ्रा ऑर्चर को ही गेंदबाजी की कमान संभालनी पड़ेगी।