Highlightsमुंबई इंडियंस को आईपीएल के मौजूदा सीजन में बुधवार को लगातार पांचवीं हार मिली।मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के 18 साल के डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 गेदों पर 49 रनों की धमाकेदार पारी।राहुल चाहर के ओवर में ब्रेविस ने लगातार चार छक्के जड़े, एबी डिबिलियर्स से हो रही तुलना।
मुंबई: आईपीएल-2022 में भले ही मुंबई इंडियंस की हार का सिलसिला जारी है पर बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम के एक खिलाफ ने सभी का ध्यान खींचा। दक्षिण अफ्रीका के 18 साल के डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 गेदों पर 49 रनों की धमाकेदार पारी खेली। वे अपने अर्धशतक से चूक गए। अगर वे ऐसा कर पाते तो आईपीएल में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन जाते।
ब्रेविस ने अपनी पारी में 4 चौके और पांच छक्के लगाए। एक समय तो ब्रेविस की बल्लेबाजी के समय ऐसा लगने लगा था कि मुंबई मुकाबले को जीतने में कामयाब होगी। हालांकि ब्रेविस आउट हो गए। उनकी पारी का सबसे आकर्षक लम्हा राहुल चाहर का एक ओवर रहा जिसमें उन्होंने चार लगातार छक्के जड़े।
राहुल चाहर की गेंदों पर ताबड़तोड़ चौके-छक्के
मुंबई इंडियंस की पारी का ये 9वां ओवर था। राहुल चहर गेंद डालने आए और ओवर की दूसरी बॉल पर ब्रविस ने चौका लगाया। इसके अगली ही गेंद पर चाहर के सिर के ऊपर से ब्रेविस ने छक्का लगाया। इसके बाद अगली दो गेंदों पर भी ब्रेविस ने छक्का लगाया। छठी और आखिरी गेंद पर उनका लगाया छक्का 112 मीटर लंबा था। इस तरह ये आईपीएल-2022 का सबसे लंबा छक्का बन गया।
ब्रेविस की इस विस्फोटक बल्लेबाजी को देख सोशल मीडिया पर कई फैंस उनकी तुलना रिटायर हो चुकी अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स से करने लगे हैं।
बता दें कि ब्रेविस को मुंबई इंडियंस ने इस बार तीन करोड़ में खरीदा था। हाल में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी ब्रेविस का प्रदर्शन काफी उम्दा रहा था। उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक जमाए थे। उन्होंने कुल 506 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे।
बात कल के मुकाबले की करें तो पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा दिया जो रोहित शर्मा की टीम की लगातार पांचवीं हार थी। मुंबई के सामने जीत के लिये 199 रन का लक्ष्य था पर टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 186 रन ही बना सकी। मुंबई को अब एलिमिनेशन से बचने के लिये नौ में से आठ मैच जीतने होंगे।