केएल राहुल के धीमे, लेकिन उपयोगी अर्धशतक और कप्तान रविचंद्रन अश्विन के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने मंगलवार को मोहली में खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स को 12 रन से हराकर आईपीएल में फिर से जीत की राह पकड़ी। पंजाब की नौ मैचों में यह पांचवीं जीत है और दस अंक के साथ वह शीर्ष चार में पहुंच गया है। राजस्थान की आठ मैचों में छठी हार है और उसकी प्लेऑफ में जगह बनाने की राह कांटों भरी हो गई है। राजस्थान की टीम सिर्फ दो मैचों में जीत हासिल कर पाई है और अंक तालिका में सातवें नंबर पर बरकरार है।
170 रन ही बना पाई राजस्थान की टीम
राजस्थान की तरफ से राहुल त्रिपाठी (45 गेंदों पर 50 रन) ने धीमी बल्लेबाजी की जो उनकी टीम को भारी पड़ी। स्टुअर्ट बिन्नी ने आखिरी क्षणों में 11 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद राजस्थान सात विकेट पर 170 रन तक ही पहुंच पाया। पंजाब के लिए आर अश्विन ने 24 रन देकर दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी और अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे अर्शदीप सिंह ने भी दो-दो विकेट लिए।
राहुल ने टीम के लिए खेली उपयोगी पारी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की तरफ से राहुल (47 गेंदों पर 52 रन) ने भी धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन आखिर में वह उपयोगी साबित हुई। उन्होंने और डेविड मिलर (27 गेंदों पर 40 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की, लेकिन अगर उसकी टीम छह विकेट पर 182 रन तक पहुंच पाई तो उसका श्रेय आर अश्विन की चार गेंदों पर नाबाद 17 रन की पारी को जाता है।
ऑरेंज कैप की रेस में राहुल दूसरे नंबर पर
केएल राहुल ने अपनी अर्धशतकीय पारी से टीम को जीत दिलाने के साथ ही ऑरेंज कैप की रेस में भी मजबूती से अपना दांव पेश किया। ऑरेंज कैप की रेस में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर 400 अंकों के साथ टॉप पर बने हुए हैं, लेकिन राहुल भी उनसे सिर्फ 13 रन ही दूर हैं।
पर्पल कैप की रेस में कगीसो रबादा आगे
ऑरेंज कैप की तरह पर्पल कैप की रेस में भी खिलाड़ियों में एक दूसरे से आगे निकलने की रेस जारी है। यहां दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज कगीसो रबादा 17 विकेट के साथ टॉप पर बने हुए हैं, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर अपनी शानदार गेंदबाजी से रबादा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
ऑरेंज कैप के लिए दावेदार
खिलाड़ी | टीम | रन | स्ट्राइक रेट |
डेविड वॉर्नर | सनराइजर्स हैदराबाद | 400 | 140.35 |
केएल राहुल | किंग्स इलेवन पंजाब | 387 | 127.72 |
क्रिस गेल | किंग्स इलेवन पंजाब | 352 | 155.06 |
आंद्रे रसेल | कोलकाता नाइट राइडर्स | 312 | 213.69 |
जोस बटलर | राजस्थान रॉयल्स | 311 | 151.70 |
पर्पल कैप के लिए दावेदार
खिलाड़ी | टीम | विकेट | इकॉनमी रेट |
कगीसो रबादा | दिल्ली कैपिटल्स | 17 | 7.70 |
इमरान ताहिर | चेन्नई सुपर किंग्स | 13 | 5.76 |
युजवेंद्र चहल | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | 13 | 7.03 |
मोहम्मद शमी | किंग्स इलेवन पंजाब | 12 | 9.08 |
रविचंद्रन अश्विन | किंग्स इलेवन पंजाब | 11 | 7.44 |