Highlightsटेस्ट क्रिकेट को रोचक बनाने के लिए आईसीसी ने टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत की है।टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में टीम इंडिया 120 अंकों के साथ सबसे ऊपर है।वहीं साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और पाकिस्तान ने अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं।
एशेज टेस्ट सीरीज 2019 के पांचवें और आखिरी मैच में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज 2-2 से ड्रॉ करा लिया। आखिरी मैच में जीत के बाद इंग्लैंड की टीम को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) में 24 अंक मिले और टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। प्वाइंट्स टेबल में टीम इंडिया 120 अंकों के साथ सबसे ऊपर है और उसके आसपास भी कोई टीम नहीं है।
अंक तालिका में दूसरे और तीसरे नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड और श्रीलंका के 60-60 अंक हैं, जबकि चौथे और पांचवें नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के 56-56 अंक हैं। वहीं भारत के खिलाफ सीरीज में दोनों मैच गंवाने वाली वेस्टइंडीज छठे नंबर पर मौजूद है और उसके शून्य अंक है। इसके अलावा टेस्ट चैंपियनशिप में शामिल साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और पाकिस्तान ने अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं।
टीम | M | W | L | T | D | N/R | PT |
भारत | 2 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 | 120 |
न्यूजीलैंड | 2 | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 60 |
श्रीलंका | 2 | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 60 |
ऑस्ट्रेलिया | 5 | 2 | 2 | 0 | 1 | 0 | 56 |
इंग्लैंड | 5 | 2 | 2 | 0 | 1 | 0 | 56 |
वेस्टइंडीज | 2 | 0 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
साउथ अफ्रीका | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 |
बांग्लादेश | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 |
पाकिस्तान | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 | 0 |
2021 में खेला जाएगा टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल
बता दें कि टेस्ट क्रिकेट को रोचक बनाने के उद्देश्य से आईसीसी ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत की है, जो इस साल 1 अगस्त से शुरू हो चुकी है और टूर्नामेंट का फाइनल जून 2021 में लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। इसमें टॉप-9 टीमों के बीच इस दौरान 27 टेस्ट सीरीज में खेले जाने वाले 71 टेस्ट मैचों के बाद बाद टॉप दो टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा। आईसीसी का मानना है कि इससे टेस्ट मैचों के दर्शकों की संख्या में इजाफा होगा।
टेस्ट चैंपियनशिप में कैसे मिलेंगे अंक
हर सीरीज में कुल 120 अंक होंगे, जो में मैचों के आधार पर तय होंगे। एक-दो टेस्ट मैच की सीरीज में अधिकतम 60 अंक हासिल किए जा सकेंगे, जबकि पांच मैचों की सीरीज में हर मैच से अधिकतम 24 अंक हासिल किए जा सकते हैं। टाई मैचों में जीत के मुकाबले आधे अंक मिलेंगे और मैच ड्रॉ होने पर जीत के एक-तिहाई अंक मिलेंगे।
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप: पॉइंट्स सिस्टम
कितने मैचों की सीरीज | जीतने पर अंक | टाई होने पर अंक | ड्रॉ होने पर अंक | हारने पर अंक |
2 | 60 | 30 | 20 | 0 |
3 | 40 | 20 | 13 | 0 |
4 | 30 | 15 | 10 | 0 |
5 | 24 | 12 | 8 | 0 |
कौन सी टीम खेलेगी कितने मैच
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान भारत की टीम कुल 18 मैच खेलेगी, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम 19 टेस्ट और इंग्लैंड की टीम 22 टेस्ट मैच खेलेगी। टेस्ट चैंपियनशिप के दौरान साउथ अफ्रीका की टीम 16 टेस्ट, न्यूजीलैंड की टीम 14, श्रीलंका की टीम 13 टेस्ट, पाकिस्तान की टीम 13 टेस्ट, बांग्लादेश की टीम 14 टेस्ट और वेस्टइंडीज की टीम 15 टेस्ट मैच खेलेगी।