Tata Starbucks: अभी 390 स्टोर, 2028 तक 1000 स्टोर खोलने की योजना, हजारों नौकरी, कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 8600, इस कंपनी ने की बड़ी घोषणा
By सतीश कुमार सिंह | Updated: January 9, 2024 15:38 IST2024-01-09T15:37:20+5:302024-01-09T15:38:07+5:30
Tata Starbucks: भारत के पुणे में जन्मे नरसिम्हन के लिए भारत एक बहुत ही महत्वपूर्ण बाज़ार है। भारत यात्रा और दस साल पुराने साझेदार टाटा समूह से मुलाकात ने कई उम्मीद के पंख दिए।

photo-ani
Tata Starbucks: पुणे के कोरेगांव पार्क में स्टारबक्स आउटलेट पूरी तरह से गुलजार है। हरे रंग की पोशाक पहने बरिस्ता अपनी काली स्टारबक्स कैप पहने हुए उत्साह से लबरेज हैं। ऐसा हर दिन नहीं होता है। स्टारबक्स के सीईओ लक्ष्मण नरसिम्हन को पहली बार बरिस्ता का हरा एप्रन पहने और अपने नए लॉन्च किए गए छह-औंस 'पिको' आकार में फिल्टर कॉफी तैयार करते हुए देखा गया।
भारत के पुणे में जन्मे नरसिम्हन के लिए भारत एक बहुत ही महत्वपूर्ण बाज़ार है। भारत यात्रा और दस साल पुराने साझेदार टाटा समूह से मुलाकात ने कई उम्मीद के पंख दिए। नरसिम्हन ने कहा कि लगभग 38000 स्टोर वैश्विक दुनिया में हैं। भारत में हमारे पास केवल 390 हैं। यह एक ऐसा खेल है, जिसे हम लंबे समय से खेल रहे हैं और हम एक ऐसे व्यवसाय की तलाश में हैं जो शानदार अनुभव प्रदान करे।
हम भारत में किए गए निवेश से खुश हैं और टाटा के साथ मिलकर हम और अधिक निवेश करने का इरादा रखते हैं। पेय पदार्थ से जुड़ी कंपनी टाटा स्टारबक्स की 2028 तक 1,000 स्टोर खोलने की योजना है। उसके अभी 390 स्टोर हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, कंपनी की हर तीन दिन में एक नया स्टोर खोलने और दूसरी (टियर-2) और तीसरी (टियर-3) श्रेणी के शहरों में उतरने की योजना है।
कंपनी टाटा समूह और वैश्विक कॉफी श्रृंखला स्टारबक्स के बीच एक संयुक्त उद्यम है। दोनों की इसमें समान हिस्सेदारी है। बयान में कहा गया 2028 तक कुल 1,000 स्टोर खोलने के लक्ष्य के साथ टाटा स्टारबक्स के कर्मचारियों की संख्या दोगुना होकर 8,600 हो जाएगी।
यह घोषणा इस सप्ताह स्टारबक्स के मुख्य कार्यकारी लक्ष्मण नरसिम्हन की देश यात्रा के बाद की गई है। उन्होंने कहा था, ‘‘बढ़ते मध्यम वर्ग के साथ हमें इसकी समृद्ध विरासत का सम्मान करते हुए विकसित हो रही कॉफी संस्कृति को बढ़ाने में मदद करने पर गर्व है।’’