'टार्जन' अभिनेता हेमंत बिरजे की कार का एक्सीडेंट, पत्नी-बेटी भी थे साथ, जानिए कैसी है हालत
By अनिल शर्मा | Published: January 12, 2022 02:25 PM2022-01-12T14:25:01+5:302022-01-12T14:57:16+5:30
बिरजे हेमंत के साथ हादसा मंगलवार रात पुणे के पास उर्स टोल बूथ पर पुणे मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ।
मुंबईः हिंदी फिल्म टार्जन में नजर आ चुके हेमंत बिरजे की कार का मंगलवार रात एक्सीडेंट हो गया। हादसे के वक्त कार में उनकी पत्नी और बेटी भी साथ थीं। रिपोर्ट के मुताबिक हेमंत बिरजे की कार को काफी नुकसान हुआ है। वहीं उनको और पत्नी को मामूली चोटें आईं। बेटी भी हादसे में बाल बाल बच गई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात पुणे के पास उर्स टोल बूथ पर पुणे मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ। दुर्घटना उस समय हुई जब बिरजे (56) अपनी पत्नी अमाना और बेटी रेशमा के साथ परिवार के कुछ सदस्यों से मिलने के बाद मुंबई से पुणे जा रहे थे।
रात करीब 9 बजे, जब वे पुणे से लगभग 30 किलोमीटर दूर उर्स टोल बूथ के पास थे, बिरजे के नियंत्रण खो देने के कारण कार सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। तीन लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए पवना अस्पताल ले जाया गया। बाद में पुलिस ने बिरजे का बयान दर्ज किया।
बिरजे ने 1980 के दशक की बॉलीवुड फिल्म 'एडवेंचर्स ऑफ टार्जन' सहित कई हिंदी फिल्मों में अभिनय किया है। हालांकि हेमंत गुमनामी की जिंदगी बिता रहे हैं। वह लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं। हेमंत अपना पेट पालने के लिए सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे।