अंकिता लोखंडे को सुशांत सिंह राजपूत की बहन ने किया सपोर्ट, कहा- भगवान हमेशा सच के साथ होता है
By मनाली रस्तोगी | Published: July 29, 2020 08:53 PM2020-07-29T20:53:53+5:302020-07-29T20:53:53+5:30
सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति भाई को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ ना कुछ पोस्ट करती हुई नजर आती हैं। हालांकि, इस बार उन्हें अंकिता लोखंडे के पोस्ट पर कमेंट करते हुए देखा गया।
सुशांत सिंह राजपूत लगभग डेढ़ महीना पहले इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। हालांकि, इसके बावजूद फैंस के साथ तमाम सेलेब्स उनके निधन से उभर नहीं पा रहे हैं। इस बीच मुंबई पुलिस की जांच जारी है। पुलिस 37 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। यही नही, सुशांत के पिता ने पटना के राजीवनगर के थाने में अभिनेत्री और सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसपर अंकिता लोखंडे का रिएक्शन भी सामने आया था।
अंकिता ने शेयर किया था पोस्ट
सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस अंकिता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि सच की हमेशा जीत होती है। अंकिता का ये पोस्ट तब सामने आया है जब इस केस में रिया चक्रवर्ती का नाम सामने आया। अंकिता का ये पोस्ट सुशांत की मौत की जांच की तरफ इशारा करता है। अंकिता की इस पोस्ट पर सुशांत फैंस के ढेरों रिएक्शन आए। वैसे सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भी अंकिता लोखंडे के पोस्ट पर कमेंट किया। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा- भगवान हमेशा सच के साथ होता है।
14 जून को सुशांत ने की आत्महत्या
उल्लेखनीय है कि 34 वर्षीय सुशांत सिंह राजपूत का शव 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट से मिला था। टीवी से अभिनय जगत में कदम रखने वाले सुशांत ने ‘शुद्ध देसी रोमांस’, ‘राबता’, ‘छिछोरे’, ‘केदारनाथ’ और ‘सोनचिड़िया’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया था। उनकी आखिरी फिल्म 'दिल बेचारा' (Dil Bechara) 24 जुलाई को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है, जिसे फैंस के साथ फिल्म क्रिटिक्स काफी पसंद कर रहे हैं।