जब सुशांत सिंह पर संजना सांघी ने लगाया था MeToo का आरोप, अब एक्ट्रेस ने बताई सच्चाई
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: July 22, 2020 08:20 AM2020-07-22T08:20:40+5:302020-07-22T08:20:40+5:30
शांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म बेचारा में संजना सांघी उनके साथ नजर आने वाली हैं। इस फिल्म को मुकेश छाबड़ा बना रहे हैं।
कुछ समय पहले दुनियाभर में मीटू कैंपेन चला था। इसके चलते हॉलीवुड और बॉलीवुड के कई स्टार्स आदि पर एक्ट्रेस ने गंभीर आरोप लगाए थे। भारत में इसकी शुरुआत तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर आरोप लगाकर की थी। उस वक्त मीटू की चपेट में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत भी आए थे। खबरें आईं थीं कि फिल्म ‘दिल बेचारा’ की शूटिंग के दौरान उन्होंने एक्ट्रेस संजना सांघी संग बदतमीजी की है। उनसे जुड़ी कुछ कहानियां मीडिया में आई थीं।
हालांकि इन आरोपों के कुछ समय पर संजना ने इन सब बातों को बेबुनियाद कहा था। अब पिंकविला की खबर के अनुसार एक बार फिर से संजना ने इन बातों को गलत बताया है। संजना ने यह साफ किया है कि सुशांत ने उनके साथ कोई बदतमीजी नहीं की।
संजना का कहना है कि जब यह बात सामने आई तो सभी को लगा कि सुशांत को इससे बहुत परेशानी हुई। लेकिन मैं यह कहना चाहती हूं कि मैं भी उस समय बहुत डिस्टर्ब हो गई थी। क्योंकि हम दोनों सच्चाई जानते थे। मुझे पता है कि वह मेरे लिए क्या मायने रखते थे। सुशांत भी जानते थे कि हम दोनों की बॉन्डिंग कैसी है और यही मायने रखता है।
हम लोग रोज सेट पर शूटिंग के लिए होते थे। जब एक दो ऐसे आर्टिकल आते हैं तो आप ध्यान नहीं देते हैं। लेकिन इस तरह की खबरों ने सुशांत के साथ मेरी दोस्ती खराब नहीं की। मेरे और सुशांत के बीच कभी कुछ भी नहीं बदलता था। हमारे बीच ऐसा कुछ नहीं हुआ था पता नहीं मीडिया में ये खबरें कहां से आईं थीं।
हम सोचते थे कि आखिर कैसे लोगों को विश्वास दिलाए कि हमारे बीच सब ठीक है? समझ नहीं आ रहा था कि लोगों के सामने सच कैसे रखें। ये अजीब स्थिति थी। आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म बेचारा में संजना सांघी उनके साथ नजर आने वाली हैं। इस फिल्म को मुकेश छाबड़ा बना रहे हैं। फिल्म 24 जुलाई को हॉटस्टार पर रिलीज होने वाली है।