सुशांत सिंह राजपूत की एक्स-मैनेजर की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत, पुलिस ने कहा- अभी इसे सुसाइड नहीं कहा जा सकता
By अमित कुमार | Published: June 9, 2020 07:11 PM2020-06-09T19:11:46+5:302020-06-09T19:11:46+5:30
कोरोना वायरस की वजह से देश भर में वैसे ही लोगों की मौत की खबरें रोजाना आती रहती है। इस बीच बॉलीवुड से एक और बुरी खबर सामने आ रही है। सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान अब हमारे बीच नहीं रही।
सुशांत सिंह राजपूत की एक्स-मैनेजर दिशा सालियान की सोमवार रात बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत के अलावा वरुण ग्रोवर और ऐश्वर्या राय बच्चन के लिए काम कर चुकी थी। सोमवार रात को उनकी मौत की खबर से हर कोई हैरान है। वहीं पुलिस भी मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह घटना मुंबई के उपनगर मलाड में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दिशा सलियन अपने मंगेतर के साथ वहां मौजूद थी। इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद दिशा को तुरंत बोरीवली के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की छानबीन कर रही पुलिस अभी तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है।
मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक इस बारे में आत्महत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि दिशा सालियान पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान नजर आ रही थी। वह लोगों से बेहद कम बात करती थी और उनके व्यवहार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा था। पुलिस ने दिशा के माता-पिता से पूछताछ कर ली है, लेकिन मंगेतर से अभी भी पुलिस को सवाल-जवाब करना है।
अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या थी या दिशा की हत्या की गई है। बॉलीवुड की कई मैनजेमेंट और पब्लिक रिलेशन फर्म के साथ काम करने वाली दिशा अपने काम के लिए काफी पॉपुलर थीं। दिशा ने सुशांत सिंह राजपूत के अलावा रिहा चक्रवर्ती, वरुण शर्मा समेत कई अन्य सितारों के साथ काम किया है।