साजिद खान के खिलाफ शर्लिन चोपड़ा ने दर्ज कराई शिकायत, प्राइवेट पार्ट दिखाने का लगा चुकी हैं आरोप
By अनिल शर्मा | Published: October 20, 2022 12:48 PM2022-10-20T12:48:29+5:302022-10-20T13:02:10+5:30
शिकायत दर्ज कराने से पहले शर्लिन फिल्ममेकर पर प्राइवेट पार्ट दिखाने का आरोप लगा चुकी हैं। वहीं इससे पहले वह साजिद के 'बिग बॉस-16' में जाने पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से इसके ब्रॉडकास्ट को रद्द करने की मांग भी कर चुकी हैं।
मुंबईः अभिनेत्री शर्लिन चोपड़ा ने बिग बॉस 16 के प्रतिभागी व निर्देशक साजिद खान के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। शर्लिन ने साजिद पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि मामले में पुलिस ने अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया है।
बिग बॉस 16 का हिस्सा बनने के बाद से ही निर्देशक साजिद खान विवादों में हैं। उनपर कई अभिनेत्रियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। लिहाजा उनको शो से बाहर करने की मांग भी की जा रही है। शिकायत दर्ज कराने से पहले शर्लिन फिल्ममेकर पर प्राइवेट पार्ट दिखाने का आरोप लगा चुकी हैं।
शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडिया से बातचीत में शर्लिन ने कहा कि 'मैं मीटू आरोपी साजिद खान के खिलाफ शिकायत दर्ज करने आई हूं। देखिए काफी समय से हम बिग बॉस से रिक्वेस्ट कर रहे थे कि साजिद को शो से बाहर किया जाए। लेकिन हमारी मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है। वो लोग हमारी पीड़ा को खारिज कर रहे हैं।' शर्लिन ने कहा कि उन्होंने साजिद के 'बिग बॉस-16' में जाने को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से इसके ब्रॉडकास्ट को रद्द करने की मांग भी की है।
बीते दिनों अभिनेत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था जिसमें साजिद पर कई सारे आरोप लगाए थे। शर्लिन ने कहा था कि वह साजिद की सच्चाई पूरी दुनिया को बताना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने ‘बिग बॉस 16’ में आने की अपनी इच्छा भी जाहिर की थी और सलमान खान व बिग बॉस मेकर्स को खरी-खोटी भी सुनाई थी।