सैमुअल मिरांडा का CBI के सामने खुलासा, रोते थे सुशांत-अक्सर पार्टी करती थीं रिया चक्रवर्ती
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: September 1, 2020 08:22 AM2020-09-01T08:22:01+5:302020-09-01T08:22:01+5:30
सुशांत सिंह राजपूत के निधन को तीन महीने होने वाले हैं। इस केस में हर रोज नए नए तरह के खुलासे हो रहे हैं।
सोमवार को केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने लगातार चौथे दिन रिया चक्रवर्ती से पूछताछ की। सीबीआई की टीम को मुंबई आकर इस केस की जांच-पड़ताल करते हुए 11 दिन हो गए हैं। वहीं केस की मुख्य आरोपी माने जाने वाली रिया चक्रवर्ती से भी सीबीआई पिछले 4 दिनों में 35 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। लेकिन इन सबके बावजूद सीबीआई के हाथ कुछ खास नहीं लगा है। लेकिन एक खुलासा सुशांत के पूर्व हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा ने किया।
सैमुअल ने हाल ही में सीबीआई के सामने कई तरह के खुलासे किए हैं। मिरांडा ने सीबीआई को बताया है कि सुशांत आए दिन रोया करते थे। सैमुअल के इस खुलासे ने अब केस को एक नया ही मोड़ दे दिया है।
सैमुअल मिरांडा के अनुसार उन्हें काम पर सुशांत की बहन प्रियंका और उनके पति सिद्धार्थ ने रखा था। सैमुअल का काम सुशांत के स्टाफ को हैंडल करना और सैलरी देना था। सैमुअल ने बताया कि एक दिन सुशांत का अपनी बहन से झगड़ा हो गया था इसके बाद प्रियंका और सिद्धार्थ दिल्ली चले गए।
सैमुअल के मुताबिक, मई 2019 से रिया चक्रवर्ती का सुशांत के घर काफी आना-जाना शुरू हो गया था। रिया के भाई शौविक और पिता भी एक्टर के घर आया करते थे। रिया ने भी सुशांत के साथ रहना शुरू कर दिया था। रिया चक्रवर्ती हफ्ते में एक या दो बार पार्टी रखती थीं ताकि सुशांत को व्यस्त रख सकें। लेकिन कई बार सुशांत इन पार्टियों में शामिल नहीं हुआ करते थे। वो अपने कमरे से बाहर नहीं निकलते थे और खुद को कमरे में लॉक कर लिया करते थे।
मिरांडा ने कहा कि कई बार सुशांत रात में अपने कमरे से बाहर आ जाते थे और हनुमान की मूर्ति को गले लगाकर वापस कमरे में चले जाते थे। ये तब शुरू हुआ जब सुशांत, रिया और शौविक के साथ यूरोप की ट्रिप से वापस लौटे थे।
सैमुअल ने कहा कि सुशांत की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी और रिया ने उन्हें वॉटरस्टोन क्लब में जाने को कहा था। लेकिन फिर भी सुशांत की तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ था, वह आए रोते रहते थे। सैमुअल ने दावा किया है कि इस क्लब में सुशांत की बहनें भी मिलने आईं थीं।