पाकिस्तान मेरे लिए खतरनाक, बोलीं सोमी अली- कई बार जान से मारने की धमकी मिली, सुनाई आपबीती
By अनिल शर्मा | Published: January 4, 2022 08:24 AM2022-01-04T08:24:37+5:302022-01-04T08:38:36+5:30
सलमान खान संग कई फिल्मों में काम कर चुकीं पाकिस्तानी मूल की पूर्व अभिनेत्री सोमी अली कई समाजिक कार्यों में खुद को व्यस्त रखती हैं।
मुंबईः पाकिस्तानी मूल की पूर्व अभिनेत्री सोमी अली खान ने कहा है कि पाकिस्तान सबसे खतरनाक जगह है। अभिनेत्री ने इस बात का खुलासा किया है कि उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिली हैं। सलमान खान संग कई फिल्मों में काम कर चुकीं सोमी ने कहा कि पाकिस्तान की तुलना में उनका भारत से अधिक संबंध हैं। वह 16 साल की उम्र में ही भारत आ गई थीं। यही वजह है कि वह भारत से ज्यादा लगाव रखती हैं।
सलमान खान की फिल्म मैंने प्यार किया जब सााल 1989 में रिलीज हुई तो सोमी को सलमान खान से प्यार हो गया था। 11 साल की उम्र में पाकिस्तान छोड़ अमेरिका चली गईं और 16 साल की उम्र में वह भारत चली आई थीं। सिर्फ सलमान खान के लिए। बकौल सोमी- मैं लगभग नौ साल तक भारत में रही। मेरा दिल पाकिस्तान से ज्यादा भारत की तरफ है। मेरा मतलब यह नहीं है कि मेरे मन में साथी पाकिस्तानियों के लिए कोई दुर्भावना है। मैं मुंबई में पली-बढ़ी हूं, जहां मैंने अपनी युवावस्था का अधिकांश समय बिताया। तो मेरा दिल निश्चित रूप से भारत का है।
सोमी कई सामाजिक कार्यों में व्यस्त रहती हैं। वह पीड़ितों, विशेष रूप से समलैंगिक समुदाय के लोगों के सशक्तिकरण और बचाव की दिशा में काम करती है। वह कहती हैं, मैं जो करती हूं उसके कारण पाकिस्तान मेरे लिए खतरनाक है। मुझे पाकिस्तानी पुरुषों के ईमेल के माध्यम से मौत की बहुत सारी धमकी मिली हैं, जिसमें कहा गया है, 'यदि आप कभी पाकिस्तान आती हैं, तो आपको नुकसान होगा।'
सोमी ने आगे बताया है कि पुरुषों के लिए महिलाओं को चोट पहुँचाना एक आदर्श है, और मैं उनसे वह शक्ति और नियंत्रण छीन रही हूँ। सोमी ने बताया कि एक बार एक पीड़ित को बचाने के दौरान उन्हें गन पॉइंट पर उठा लिया गया था। मैं एक तस्कर से एक पीड़ित को छुड़ा रही थी जिसे कैद करके रखा गया था।