Ranbir Alia Marriage: शादी में शामिल होने पहुंचे सभी मेहमान, तैयार होने के बाद नीतू, रिद्धिमा, करीना-सैफ अली की तस्वीरें आई सामने
By अनिल शर्मा | Published: April 14, 2022 03:24 PM2022-04-14T15:24:55+5:302022-04-14T16:22:54+5:30
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया और रणबीर की शादी में शामिल होने के लिए करण जौहर, संजय लीला भंसाली, जोया अख्तर, मसाबा गुप्ता, वरुण धवन, अयान मुखर्जी, अर्जुन कपूर, मनीष मल्होत्रा, आकांक्षा रंजन और अनुष्का रंजन जैसी हस्तियां पहुंच चुकी हैं।
मुंबईः आलिया भट्ट और रणबीर कपूर आज शादी के बंधन में बंधने के लिए तैयार हैं। बुधवार को दोनों ने प्री-वेडिंग सेरेमनी की। रणबीर ने अपने पाली हिल स्थित निवास वास्तु में मेहंदी और हल्दी समारोह की मेजबानी की। समारोह में करीना कपूर खान, करिश्मा कपूर और करण जौहर समेत कई हस्तियां मौजूद थीं। बुधवार शाम को, नीतू कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी ने पुष्टि की कि आलिया और रणबीर 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया और रणबीर की शादी में शामिल होने के लिए करण जौहर, संजय लीला भंसाली, जोया अख्तर, मसाबा गुप्ता, वरुण धवन, अयान मुखर्जी, अर्जुन कपूर, मनीष मल्होत्रा, आकांक्षा रंजन और अनुष्का रंजन जैसी हस्तियां पहुंच चुकी हैं। शादी को सीमित रखा गया है जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार और कुछ दोस्त शामिल होंगे। आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की ब्रह्मास्त्र के सह-कलाकार अमिताभ बच्चन और अंबानी परिवार के भी शामिल होने की उम्मीद है।
इस बीच करीना कपूर खान और सैफ अली खान की तैयार होने के बाद की तस्वीरें सामने आई हैं। करीना मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया हुआ पिंक कलर का लहंगा पहने नजर आईं। वहीं सैफ अली खान भी पिंक कलर का कुर्ता और सफेद पजामा- सदरी पहनें करीना के साथ दिखे।
वहीं आलिया की सासू मां यानी रणबीर कपूर की मां नीतू कपूर और उनकी बहन रिद्धिमा की भी तस्वीरें सामने आई हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आलिया और रणबीर की शादी के लिए 3 बजकर 30 मिनट का मुहूर्त निकला है। दोनों वास्तु में सात फेरे लेंगे।
मेहमानों के खाने-पीने का इंतजाम यहीं पर किया गया है। खाने के मेन्यू में दाल मखनी, चावल, पनीर टिक्का, चपाती, चिकन, मटन और तंदूरी रखा गया है। इसके लिए दिल्ली से विशेष रसोइयों को बुलवाया गया है।