सुशांत की साइकेट्रिस्ट सुजैन वॉकर के खिलाफ मामला दर्ज, भारत में प्रैक्टिस करने को लेकर उठे सवाल
By मनाली रस्तोगी | Published: August 8, 2020 05:54 PM2020-08-08T17:54:45+5:302020-08-08T17:56:19+5:30
सुशांत सिंह राजपूत की मनोचिकित्सक सुजैन वॉकर के खिलाफ वकील ईशकरण सिंह भंडारी ने मामला दर्ज कराया है। इसके साथ उन्होंने कई सवाल उठाए हैं।
सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस की जांच अब सीबीआई कर रही है। दिवंगत अभिनेता के निधन को तकरीबन दो महीने हो रहे हैं। ऐसे में इस मामले को लेकर लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच मनोचिकित्सक सुजैन वॉकर के खिलाफ वकील ईशकरण सिंह भंडारी ने मामला दर्ज कराया है। ईशकरण शिकायत दर्ज कराते हुए रिहैबिलिटेशन काउंसिल ऑफ इंडिया से कुछ सवाल भी किए हैं।
टाइम्स नाउ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, रिहैबिलिटेशन काउंसिल ऑफ इंडिया से ईशकरण सिंह भंडारी ने कहा कि मनोचिकित्सक सुजैन वॉकर की प्रमाणिकता की जांच जाए। उन्होंने ये भी सवाल उठाए कि क्या सुजैन रिहैबिलिटेशन काउंसिल ऑफ इंडिया के साथ रजिस्टर्ड हैं? और क्या उन्होंने एग्जाम दिया था? क्या सुजैन ने विदेशी डिग्री के साथ भारत में प्रैक्टिस करने के लिए अनिवार्य आवश्यकताएं पूरी की हैं? अगर ऐसा नहीं तो कार्रवाई की जाए।
मालूम हो, हाल ही में सुजैन वॉकर ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि सुशांत सिंह राजपूत को बाइपोलर डिसऑर्डर था। उन्होंने अपने मरीज के मेडिकल रिकॉर्ड की गोपनीयता को नजरअंदाज करते हुए ये दावा किया था। इसके बाद वो लोगों के निशाने पर आ गई थीं और इसके चलते सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई। बता दें, सीबीआई सुशांत सुसाइड केस की जांच में जुटी हुई है। एजेंसी ने रिया चक्रवर्ती व उनके परिवार के अलावा सैमुअल मिरांडा, श्रुति मोदी और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 306, 341, 342, 420, 406 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज की है।