राजद टिकट पर खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी लड़ेंगी चुनाव, पवन सिंह के बाद एक और भोजपुरी स्टार की एंट्री
By एस पी सिन्हा | Updated: October 3, 2025 17:27 IST2025-10-03T17:26:16+5:302025-10-03T17:27:42+5:30
ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव ने शुक्रवार को पटना में मीडिया से बात करते हुए अपनी पत्नी चंदा देवी के राजद से चुनाव लड़ने की भी जानकारी दी है।

file photo
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार भोजपुरी सिनेमा से जुडे अभिनेताओं-गायकों की भरमार दिख सकती है। इस कड़ी में भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के बाद अब ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव ने शुक्रवार को पटना में मीडिया से बात करते हुए अपनी पत्नी चंदा देवी के राजद से चुनाव लड़ने की भी जानकारी दी है। खेसारी लाल यादव ने अपने अंदाज में पवन सिंह की राजनीति की ओर रुझान की तारीफ करते हुए कहा कि पहले वो केवल गायक थे, लेकिन अब वो राजनेता बन गए हैं। उनका पावर अब राजनीति के क्षेत्र से शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की राजनीतिक यात्रा का समर्थन या विरोध करना व्यक्तिगत राय पर निर्भर करता है और इस मामले में उन्होंने पवन सिंह की सोच को समझने की कोशिश की। खेसारी लाल यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा से पवन सिंह की मुलाकात केवल व्यक्तिगत थी।
उन्होंने बताया कि उस समय भी वो सही थे और मुझे लगता है कि इस समय भी शायद सही होंगे। उनके पास अपनी विचारधारा है, जिसे उन्होंने अपनाया है। राजनीति में कोई दुश्मन नहीं होता और मैं मानता हूं कि किसी भी राजनीतिक संघर्ष में केवल हित शामिल होते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजनीति में कभी-कभी लोग बेवजह बहस या विवाद में पड़ जाते हैं।
खेसारी ने कहा कि हम लोग कभी-कभी एक राजनेता के लिए लड़ जाते हैं, लेकिन मन में कभी भी किसी के प्रति नफरत नहीं होती। यह केवल विचारों और नीतियों का संघर्ष होता है। मेरे ख्याल से इस बार भी पवन सिंह अपनी राजनीति में सफल होंगे और उनकी सोच में स्पष्टता रहेगी। उन्होंने कहा कि मेरी पत्नी का राजनीति में कदम उठाना उनके अपने विचार और समाज सेवा के इरादे का परिणाम है।
मैं हमेशा उनके निर्णय का समर्थन करता हूं और उनका हौसला बढ़ाऊंगा। बिहार की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और सक्रियता बढ़ रही है और मुझे गर्व है कि मेरी पत्नी भी इस दिशा में कदम उठा रही हैं। खेसारी लाल यादव ने कहा कि मैं रिश्तों को बचाने का प्रयास करता हूं। राजनीति में ना तो इमोशन होता है और ना ही दर्द होता है।
इसमें सिर्फ बिजनेस और धंधे होते हैं। उन्होंने कहा मेरा काम अलग है, मैं कलाकार हूं। उल्लेखनीय है बिहार विधानसभा चुनाव में भोजपुरी सितारों का जमावड़ा लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है। एक और भोजपुरी कलाकार रितेश पांडेय भी चुनावी मैदान में ताल ठोकने को बेचैन दिखा रहे है।
ऐसे में पवन सिंह और खेसारी लाल यादव जैसे सुपरस्टार्स की राजनीतिक भागीदारी चुनावी परिदृश्य को और रोचक बना रही है। भविष्य में पवन सिंह और चंदा देवी जैसे नामों की राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखना दिलचस्प होगा।