सादगी ओढ़े शातिर जासूस के रूप में आलिया भट्ट करेंगी सबको हैरान, 'राजी' का ट्रेलर हुआ रिलीज
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: April 10, 2018 10:43 AM2018-04-10T10:43:30+5:302018-04-10T10:44:55+5:30
हरिंदर सिक्का के उपन्यास 'कॉलिंग सहमत' के आधार पर राजी को बनाया गया है। जो सत्यता पर आधारित है।
मुंबई, 10 अप्रैल: 'हाईवे' फिल्म के बाद आलिया भट्ट एक बार फिर से एक दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं। धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'राज़ी' का ट्रेलर और पोस्टर लॉन्च हो गया है। जिसने आते ही सु्र्खियां बटोर ली हैं। 2.22 मिनट के इस वीडियो में आलिया सहमत नाम की एक ऐसी कश्मीरी लड़की का किरदार निभा रही हैं, जो देखने में भोली लेकिन वतन के लिए कुछ भी कर गुजरने की हौसले वाली है।
क्या है ट्रेलर में खास
हरिंदर सिक्का के उपन्यास 'कॉलिंग सहमत' के आधार पर राजी को बनाया गया है। जो सत्यता पर आधारित है। वह साल 1971 में भारत-पाक युद्ध के दौरान एक पाकिस्तानी सेना अधिकारी से शादी कर लेती है। ट्रेलर में आलिया का सादिगी वाला चेहरा फैंस को भा जाने वाला है। ट्रेलर में देखेंगे एक ओर आलिया एक मजबूत, शातिर और सादगी से भरपूर कैरेक्टर में नजर आ रही हैं, वहीं, दूसरी को भोलीभाली एक लड़की भी नजर आ रही हैं।
फिल्म में आलिया भट्ट एक भारतीय लड़की सहमत का किरदार निभा रही हैं। वह एक आज्ञाकारी बेटी और निडर जासूस के तौर पर दिखाई दे रही हैं। सहमत के पिता उसकी शादी एक पाकिस्तानी अफसर से करा देते हैं, ताकि वह वहां पर जासूसी कर सके। यहां से ही उसकी जिदंगी में कई मोड़ आते हैं। आलिया के पति का किरदार विक्की कौशल ने निभाया है।
राज़ी' का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। इसे विनीत जैन और करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है। मेघना 'तलवार' और '10 कहानियां' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकी हैं।