अमेरिका के ताजा खुलासों से एलियंस पर फिर छिड़ती बहस

By अभिषेक कुमार सिंह | Updated: May 14, 2026 07:32 IST2026-05-14T07:32:06+5:302026-05-14T07:32:10+5:30

इसीलिए नए दावों, नई खोजों के साथ विशाल यूनिवर्स में कहीं और जीवन की संभावनाओं को लेकर अक्सर चर्चाएं और बहस छिड़ जाती हैं.

America's latest revelations reignite debate on aliens | अमेरिका के ताजा खुलासों से एलियंस पर फिर छिड़ती बहस

अमेरिका के ताजा खुलासों से एलियंस पर फिर छिड़ती बहस

क्या हम ब्रह्मांड में अकेले हैं? यह प्रश्न जितना पुराना है, उतना ही बेचैन करने वाला भी. सदियों से इंसान आसमान की ओर देखकर यह जानने की कोशिश करता रहा है कि क्या पृथ्वी के बाहर भी कोई परग्रही सभ्यता या बुद्धिमान जीवन मौजूद है. कभी यह सवाल विज्ञान कथा फिल्मों का हिस्सा लगता था, तो कभी षड्यंत्र सिद्धांतों का. लेकिन मई 2026 में अमेरिकी रक्षा विभाग - पेंटागन - द्वारा किए गए ताजा खुलासों ने इस बहस को एक बार फिर दुनिया के केंद्र में ला खड़ा किया है.

अमेरिका के रक्षा विभाग ने इस बार यूएफओ यानी ‘अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स’ अथवा नई सरकारी शब्दावली में यूएपी (अनआइडेंटिफाइड एनोमलस फेनोमेना) से जुड़ी दशकों पुरानी गोपनीय फाइलें, वीडियो और तस्वीरें सार्वजनिक की हैं. ये दस्तावेज पेंटागन के विशेष विभाग ऑल-डोमेन एनोमली रिजोल्यूशन ऑफिस (एएआरओ) द्वारा जारी किए गए हैं, जिनमें अंतरिक्ष यात्रियों, सैन्य पायलटों और खुफिया एजेंसियों द्वारा देखी गई 160 से अधिक रहस्यमयी घटनाओं का विवरण शामिल है.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि इनमें से कई मामलों को आज भी ‘अनसुलझा’ माना गया है. इन दस्तावेजों में से कुछ सबूत वीडियो के रूप में हैं, जिनमें कुछ ऐसी वस्तुएं दिखाई देती हैं जो भौतिकी के सामान्य नियमों को चुनौती देती प्रतीत होती हैं. कहीं पानी के ऊपर तेज गति से उड़ती गोलाकार ‘स्फेयर’ आकृतियां हैं, तो कहीं धात्विक संरचनाएं अचानक रुकती और दिशा बदलती नजर आती हैं.

इन्फ्रारेड कैमरों से रिकॉर्ड किए गए ये दृश्य किसी हॉलीवुड फिल्म के विशेष प्रभाव जैसे लग सकते हैं, लेकिन इन्हें रिकॉर्ड करने वाले साधारण लोग नहीं, बल्कि प्रशिक्षित सैन्य अधिकारी और अत्याधुनिक निगरानी प्रणालियां हैं. यही बात इन घटनाओं के बारे में गंभीरता से विचार करने की मांग करती है.

वैसे तो इन रहस्यमयी घटनाओं ने दुनिया भर में परग्रही सभ्यताओं यानी ‘एलियन’ के वजूद को लेकर बहस को फिर हवा दे दी है. लेकिन पेंटागन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अब तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है जिससे यह साबित हो सके कि ये वस्तुएं परग्रही सभ्यताओं और उनके द्वारा विकसित की गई तकनीक का हिस्सा हैं. अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे उन्नत ड्रोन तकनीक, विदेशी जासूसी उपकरण या मौसम संबंधी असामान्य गतिविधियां भी हो सकती हैं.

फिर भी कई मामलों में जांच एजेंसियां किसी अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पाई हैं. यही कारण है कि इन खुलासों को केवल ‘एलियन रहस्य’ के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा, आधुनिक युद्ध तकनीक और वैश्विक निगरानी प्रणाली से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है. एलियंस को लेकर हमारी जिज्ञासाओं को कोई अंत इसलिए नहीं है क्योंकि हमारे पास अभी इसका कोई जवाब नहीं है कि इस ब्रह्मांड में कोई दूसरी सभ्यता है या नहीं. इसीलिए नए दावों, नई खोजों के साथ विशाल यूनिवर्स में कहीं और जीवन की संभावनाओं को लेकर अक्सर चर्चाएं और बहस छिड़ जाती हैं.

चूंकि अब तक का तकनीकी ढांचा पृथ्वी से परे कैसे भी जीवन संकेत को खोज नहीं पाया है, लिहाजा बेहतरी इसी में है कि एलियंस की खोज और संपर्क का काम उन्हीं के यानी एलियंस के हवाले छोड़ा जाए कि बताएं कि क्या उनका कोई वजूद है.

Web Title: America's latest revelations reignite debate on aliens

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे