Lok Sabha Election 2024: राजद सांसद मनोज झा ने BJP पर लगाया आरोप, संविधान बदलने की तैयारी
By एस पी सिन्हा | Updated: April 17, 2024 17:08 IST2024-04-17T17:02:46+5:302024-04-17T17:08:14+5:30
Lok Sabha Election 2024: भारत का संविधान दिखाते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वो संविधान बदलने की बात करते हैं। ये संविधान सबकी गारंटी लेता है, शिक्षा रोजगार सहित सभी मुद्दों की गारंटी देती है।

फोटो क्रेडिट- (एएनआई)
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में बिहार के जमुई(सु), गया(सु), नवादा और औरंगाबाद लोकसभा सीटों पर होने वाले मतदान से पहले राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश का संविधान बदलना चाहती है। भाजपा की यह साजिश आज से नहीं पिछले 9 वर्षों हो रही है।
2015 में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संविधान की समीक्षा तथा आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की बात कही थी तब लालू यादव ने बिहार के कोने कोने तक ये बात पहुंचाई थी। एक संदेश दिया था। आज फिर वही स्थिति है।
बुधवार को राजद कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मनोज झा ने कहा कि संविधान को लेकर मोहन भागवत का बयान आने के बाद राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बंच ऑफ थॉट किताब में लिखी बातों का ज़िक्र किया और जो बातें उसमें वर्णित थी उन बातों को लोगों तक पहुंचाया।
भारत का संविधान दिखाते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वो संविधान बदलने की बात करते हैं। ये संविधान सबकी गारंटी लेता है, शिक्षा रोजगार सहित सभी मुद्दों की गारंटी देती है। आप उस संविधान को बदलने की बात कर रहे हैं। ये महज पन्ने नहीं बल्कि जिंदा दस्तावेज हैं।
#WATCH राज्यसभा सांसद और राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा, "कुछ लोग जो चुनाव लड़ रहे हैं वे प्रतिदिन कहते हैं कि हम संविधान को बदल कर रख देंगे...आप कहते हैं कि आप संविधान बदलना चाहते हैं... संविधान है क्या? ये आरक्षण की गारंटी है, शिक्षा की गारंटी है, रोजगार की गारंटी है। यह… pic.twitter.com/fwfUYaYk1n
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 17, 2024
मनोज झा ने कहा कि संविधान में संशोधन हो सकता है, आप इसे बदल नहीं सकते। लेकिन, ये लोग आरक्षण खत्म करने वाले हैं, इस बात का ख्याल देश की जनता को रखना होगा। ये संविधान नहीं रहेगा तो देश नहीं रहेगा और बस नागपुर का विधान रहेगा। इसलिए देश की जनता को संविधान बचाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कुछ लोग जो चुनाव लड़ रहे हैं वे प्रतिदिन कहते हैं कि हम संविधान को बदल कर रख देंगे। झा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बड़ी-बड़ी गारंटी दे रहे हैं, उन्हें अपने लोगों को समझाना चाहिए।
संविधान बदलने वालों पर प्रधानमंत्री जी क्यों नही बोलते है। अपने लोगों से क्यों नही कहते इसपर कोई कुछ नही बोलेगा, और जो इस तरह से बोल रहे हैं ,उन पर कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं। उन्हें चुनाव लड़ने से रोकते क्यों नहीं हैं? उन्होंने सभी से संविधान बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के साथ खड़े होने और वैसे लोगों को जवाब देने की अपील की।