बिहार के औरंगाबाद जिले में एक नाबालिग बनी बिन ब्याही मां, प्रेमी के धोखे की हुई शिकार
By एस पी सिन्हा | Published: June 10, 2023 05:18 PM2023-06-10T17:18:30+5:302023-06-10T17:28:55+5:30
बिहार में एक नाबालिग को उसके प्रेमी ने गर्भवती कर दिया और फरार हो गया। इसके बाद गर्भवती नाबालिग ने अपने बच्चे को जन्म दिया।

फाइल फोटो
पटना:बिहार के औरंगाबाद में 9वीं क्लास की एक नाबालिग लड़की बिन ब्याही मां बन गई। लड़की ने सदर अस्पताल में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रेमी धोखे को मन में दबाए पेट में पल रहे अनचाहे गर्भ को दुनिया में लाने का कठिन फैसला किया था।
उसने सदर अस्पताल में बच्चे को जन्म दे दिया, लेकिन अब उसके लालन-पालन और समाज में जगह दिलाना उसके लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पीड़िता ने बताया कि तकरीबन साल भर से उसका प्रेम चल रहा था। नासमझी में दोनों काफी करीब आ गए।
इसका पता तब चला जब एक रोज उसके पेट में जोरों से दर्द उठा। असह्यय दर्द की वजह से डॉक्टर से संपर्क किया तब जांच के बाद पता चला कि वह गर्भवती है। खुद को गर्भवती जान वह मन ही मन खुशी से झूम उठी।
उसने मोबाइल से अपने प्रेमी को यह खुशखबरी सुनाई, लेकिन उसकी यह खुशी तब हवा हवाई हो गई, जब प्रेमी ने उसे पहचानने तक से इंकार कर दिया और कहीं फरार हो गया। पीड़िता का कहना है कि फोन पर हुई बात, वह आखरी बात बन गई। इसके बाद उसने न केवल 9 महीने तक अपने गर्भ में उस बच्चे को पाला बल्कि इस दौरान समाज के कई कड़वे ताने भी सहे।
अब पैदा हुए बच्चे को उसने पालने की ठान ली है। हालांकि, वह चाहती तो अपने प्रेमी के खिलाफ संघर्ष भी कर सकती थी। लेकिन उसने एक अलग ही रास्ता अख्तियार किया, वह भी तब जब उसके सभी अपनों तक ने उससे मुंह मोड़ लिया है।
वहीं पीड़िता के इस फैसले की अस्पताल में आई महिलाओं ने भी सराहना किया है। लोगों का कहना है कि ऐसी दिलेर युवती को उसके पैरों पर खड़ा होने में मदद करने के लिए सबों को आगे आना चाहिए। हालांकि इस मामले में प्रशासन की तरफ से कोई पहल नही की गई है।