Video: मोल्दोवा में राष्ट्रपति के पालतू कुत्ते ने ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति को काटा, देखें वीडियो
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: November 18, 2023 06:21 PM2023-11-18T18:21:15+5:302023-11-18T18:22:35+5:30
मीडिया में प्रसारित वीडियो में देखा जा सकता है कि राजधानी चिशिनाउ की यात्रा के दौरान बेलेन राष्ट्रपति संदू के साथ खड़े हैं और उनका पालतू कुत्ता कोडरुट भी पास ही खड़ा है।
बर्लिनः मोल्दोवा की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वान डेर बेलेन को उस समय अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब मोल्दोवा की राष्ट्रपति मेई संदू के पालतू कुत्ते ने उनके (बेलेन) हाथ में काट लिया।
मोल्दोवा की मीडिया में प्रसारित वीडियो में देखा जा सकता है कि राजधानी चिशिनाउ की यात्रा के दौरान बेलेन राष्ट्रपति संदू के साथ खड़े हैं और उनका पालतू कुत्ता कोडरुट भी पास ही खड़ा है। जैसे ही बेलेन कोडरुट को सहलाने के लिए उसकी तरफ झुकते हैं, वह बेलेन के हाथ में काट लेता है।
बेलेन के कार्यालय ने जर्मनी की समाचार एजेंसी डीपीए को बताया कि जख्म मामूली है और तत्काल बेलेन को आवश्यक उपचार दिया गया। इसने कहा कि ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति पूरी तरह स्वस्थ हैं। ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर इस घटना के बारे में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘जो कोई भी मुझे जानता है वह जानता है कि मैं कुत्तों से प्रेम करता हूं और उसके उत्साह को समझ सकता हूं।’’