लाइव न्यूज़ :

अमेरिका एससीएस में परमाणु पनडुब्बी के टकराने की घटना का ब्योरा दे : चीन

By भाषा | Updated: October 8, 2021 19:19 IST

Open in App

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, आठ अक्टूबर (एपी) दक्षिण चीन सागर में अमेरिका की एक परमाणु पनडुब्बी के टकराने की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए चीन ने शुक्रवार को मांग की कि वाशिंगटन घटना का ब्योरा दे और बताए कि दुर्घटना किस जगह हुई। बीजिंग ने आरोप लगाया कि ‘‘नौवहन की स्वतंत्रता’’ के नाम पर हवाई और नौसैन्य अभियान चलाने की अमेरिका की जिद इस घटना की वजह है।

अमेरिकी नौसेना के प्रशांत बेड़े ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि गत शनिवार को दक्षिण चीन सागर (एससीएस) में उसकी परमाणु ऊर्जा चालित एक पनडुब्बी पानी के भीतर किसी चीज से टकरा गई।

बयान में कहा गया कि ‘यूएसएस कनेक्टिकट’ नाम की इस पनडुब्बी में सवार कुछ नौसैनिक दुर्घटना की वजह से घायल हो गए, लेकिन किसी को भी ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई।

यह स्पष्ट नहीं है कि पनडुब्बी किस चीज से टकराई।

अमेरिकी नौसेना ने बयान में कहा, ‘‘पनडुब्बी सुरक्षित और स्थिर स्थिति में है। यूएसएस कनेक्टिकट का परमाणु प्रणोदन संयंत्र प्रभावित नहीं हुआ और यह पूरी तरह परिचालन में है।’’

घटना से संबंधित एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजान ने मीडिया से यहां कहा, ‘‘चीन इस हादसे को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका को हादसे के स्थान, नौवहन के उद्देश्य सहित घटना का ब्योरा देना चाहिए और बताना चाहिए कि कहीं कोई परमाणु रिसाव तो नहीं हुआ है और स्थानीय समुद्री पर्यावरण को कोई खतरा तो नहीं है।’’

लिजान ने यह भी कहा कि ‘‘नौवहन की स्वतंत्रता’’ के नाम पर हवाई और नौसैन्य अभियान चलाने की अमेरिका की जिद इस घटना की वजह है।

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका इस दुर्घटना के विवरण का खुलासा करने में विलंब कर रहा है। वह पारदर्शिता और जिम्मेदारी रहित व्यवहार कर रहा है।’’

उल्लेखनीय है कि चीन अधिकांश दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता है। वहीं, फिलीपीन, वियतनाम, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान भी इस पर अपना दावा करते हैं। पिछले कुछ वर्षों में चीन ने इस समुद्री क्षेत्र में कई सैन्य अड्डे स्थापित किए हैं और अपने नौसैन्य पोतों तथा पनडुब्बियों का एक बड़ा बेड़ा तैनात किया है।

घटना का जिक्र करते हुए चीन ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया को परमाणु पनडुब्बी बेचने का अमेरिका का निर्णय क्षेत्र में परमाणु खतरे को बढ़ाएगा।

ताइवान के सैनिकों को अमेरिकी सैनिकों द्वारा प्रशिक्षण दिए जाने की खबरों पर चीन ने अमेरिका से यह भी कहा कि उसे ताइवान से अपने रक्षा संबंध खत्म करने चाहिए।

चीन ताइवान को अलग हुआ अपना हिस्सा बताता है, जबकि ताइवान खुद को एक संप्रभु देश कहता है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतरामअवतार जग्गी हत्याः अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा

भारतBaramati Bypoll 2026: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती उपचुनाव में महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से टक्कर?

भारतअसम की जनता ने इस बार दो काम पक्के किए?, पीएम मोदी बोले- एनडीए की हैट्रिक और कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार की हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड?

क्राइम अलर्टबास्केटबॉल हुप पर पुल-अप्स कर रहे थे समुद्री इंजीनियरिंग संस्थान में 20 वर्षीय कैडेट विशाल वर्मा?, बैकबोर्ड गिरने से मौत

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?

विश्व अधिक खबरें

विश्वअफगानिस्तान में भारी बारिश, 77 लोगों की मौत, 137 लोग घायल और हजारों लोग विस्थापित, वीडियो

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

विश्वUS-Israel-Iran War: ट्रंप का दावा- "तेहरान हमले में ईरानी सैन्य नेता ढेर", IDF ने हिज्बुल्लाह और ईरान के 200 से ज्यादा ठिकानों को बनाया निशाना

विश्ववैज्ञानिकों ने हमारे सौरमंडल के बाहर 45 पृथ्वी जैसे ग्रहों को खोज निकाला