अमेरिका: विस्कॉन्सिन में पुलिस की गोलीबारी में अश्वेत नागरिक गंभीर रूप से घायल, सड़कों पर उतरे लोग
By भाषा | Published: August 24, 2020 10:04 PM2020-08-24T22:04:56+5:302020-08-24T22:04:56+5:30
दरवाजा खोलकर अंदर जाने की कोशिश करते ही एक अधिकारी ने उसकी शर्ट पकड़कर उसे बाहर की ओर खींचा और वाहन पर गोलियां चलाईं। कम से कम सात गोलियां चलने की आवाज सुनी गई।
केनोशाः अमेरिका के विस्कॉन्सिन में पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए।
केनोशा पुलिस विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि एक ‘‘घरेलू घटना’’ के संबंध में कार्रवाई करते समय रविवार शाम करीब पांच बजे पुलिस अधिकारियों ने गोलीबारी की। पुलिस ने यह नहीं बताया कि गोलीबारी क्यों करनी पड़ी। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए मिल्वौकी भेजा गया है।
सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुए वीडियो में तीन पुलिस अधिकारी एक व्यक्ति पर चिल्लाते और बंदूक ताने नजर आ रहे हैं। व्यक्ति एक एसयूवी के पास खड़ा है उसके चालक सीट की ओर का दरवाजा खोलकर अंदर जाने की कोशिश करते ही एक अधिकारी ने उसकी शर्ट पकड़कर उसे बाहर की ओर खींचा और वाहन पर गोलियां चलाईं। कम से कम सात गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि गोलियां एक ही अधिकारी ने चलाई या एक से अधिक अधिकारियों ने....।
घटना के बाद स्थानीय लोग सड़कों पर आ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों को ‘‘ न्याय नहीं, शांति नहीं’’ के नारे लगाते हुए भी सुना गया। केनोशा पुलिस ने मामले को विस्कॉन्सिन न्याय विभाग के हवाले कर दिया है। विभाग ने वीडियो की पुष्टि के संबंध में अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।