टाइम पर्सन ऑफ द ईयर चुने गए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की
By मनाली रस्तोगी | Published: December 7, 2022 07:24 PM2022-12-07T19:24:33+5:302022-12-07T19:26:51+5:30
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को टाइम पर्सन ऑफ द ईयर चुना गया है।
कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की टाइम पर्सन ऑफ द ईयर बने हैं। रूस के साथ युद्ध की शुरुआत के बाद से जेलेंस्की ने दृढ़ संकल्प के साथ अपने देश का नेतृत्व किया। उनकी लगातार उपस्थिति और भाषणों ने यूक्रेनी जनता को अपने देश के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया। युद्ध के बीच जेलेंस्की एक बहादुर व्यक्ति के रूप में उभरे हैं जो न केवल अपने देश बल्कि अन्य यूरोपीय देशों को भी प्रेरित कर रहा है।
जैसे ही रूस ने देश पर आक्रमण किया जेलेंस्की ने मार्शल लॉ घोषित कर दिया। उन्होंने हर उस यूक्रेनी को हथियार सौंपे जो अपने देश की रक्षा करना चाहता था। यहां तक कि जब अमेरिका ने यूक्रेनी राष्ट्रपति को देश छोड़ने का सुझाव दिया, तो जेलेंस्की ने इसे खारिज कर दिया और कहा कि लड़ाई यहां है। उन्होंने ये भी कहा था कि मेरे देश को मेरी जरूरत है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, "मुझे गोला-बारूद चाहिए, सवारी नहीं।" उनकी कार्रवाई और साहस की प्रशंसा की गई। दरअसल, ऐसा इसलिए कहा गया क्योंकि इससे पहले जब अफगानिस्तान पर हमला हुआ था तो अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़कर चले गए थे। मगर जेलेंस्की लगातार अपने देश के साथ खड़े हुए हैं। ऐसे में जेलेंस्की की तुलना गनी से की गई।