कोविड-19 : यूरोपीय संघ ने सुरक्षित यात्रा सूची से अमेरिका को बाहर किया

By भाषा | Published: August 30, 2021 11:14 PM2021-08-30T23:14:58+5:302021-08-30T23:14:58+5:30

Kovid-19: EU excludes America from safe travel list | कोविड-19 : यूरोपीय संघ ने सुरक्षित यात्रा सूची से अमेरिका को बाहर किया

कोविड-19 : यूरोपीय संघ ने सुरक्षित यात्रा सूची से अमेरिका को बाहर किया

ब्रसेल्स, 30 अगस्त (एपी) यूरोपीय संघ (ईयू) ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण अमेरिका के यात्रियों के आगमन पर समूह के 27 देशों में पाबंदी लगाने की सोमवार को सिफारिश की। यूरोपीय संघ ने जून में अमेरिकी यात्रियों पर लगायी गयी पाबंदी खत्म कर दी थी किंतु अब एक बार फिर गैर जरूरी यात्रा के लिए सुरक्षित देशों की सूची से अमेरिका को हटा दिया गया है। यूरोपीय परिषद का यह फैसला गैर बाध्यकारी होगा। यूरोपीय संघ के देशों में कोविड-19 के मद्देनजर यात्रा को लेकर कोई एकीकृत नीति नहीं है और संबंधित देश की सरकार को यह फैसला लेना होता है कि अमेरिकी यात्रियों के लिए सीमा खोली जाए या नहीं। यूरोपीय संघ ने इजराइल, कोसोवो, लेबनान, मोंटेनेग्रो और नार्थ मकदूनिया को भी यात्रा के लिए सुरक्षित सूची से बाहर कर दिया है। अमेरिका ने भी यूरोपीय संघ के यात्रियों के लिए अब तक अपनी सीमाएं नहीं खोली है। ईयू के नेता अमेरिका से कई बार सीमाएं खोलने का अनुरोध कर चुके हैं। यूरोपीय परिषद कोरोना वायरस के संक्रमण के स्तर के आधार पर अपनी सूची को अद्यतन करता है। हर दो सप्ताह पर इसकी समीक्षा की जाती है। सूची में शामिल होने के लिए पिछले 14 दिनों में प्रति एक लाख आबादी पर कोविड-19 के 75 से अधिक मामले नहीं होने चाहिए। हालिया हफ्तों में अमेरिका में कोरोना वायरस के मामले बढ़े हैं। अमेरिका में पिछले सप्ताह हर दिन औसतन 1,52,000 से ज्यादा मामले सामने आए और अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ गयी है। पिछले कुछ दिनों से अमेरिका में हर दिन 1200 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है जो कि जुलाई की तुलना में सात गुना अधिक है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Kovid-19: EU excludes America from safe travel list

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे

टॅग्स :BRUSSELS