उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल दागने के बाद जापान में हड़कंप, लोगों को भूमिगत जगहों में जाने की जारी की गई चेतावनी

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 4, 2022 09:56 AM2022-10-04T09:56:04+5:302022-10-04T10:02:58+5:30

उत्तर कोरिया ने पिछले 10 दिन में पांचवीं बार मिसाइल परीक्षण किया है। उत्तर कोरिया ने मंगलवार को बैलिस्टिक मिसाइल दागा, जो जापान के ऊपर से गुजरा। इसके बाद जापान में अलर्ट जारी किया गया।

Japan stirred after North Korea fired ballistic missiles, warning people to take shelter | उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल दागने के बाद जापान में हड़कंप, लोगों को भूमिगत जगहों में जाने की जारी की गई चेतावनी

उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण से जापान में अलर्ट (फाइल फोटो)

Highlightsउत्तर कोरिया ने मंगलवार को बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, इस दौरान जापान में हलचल मच गई।मिसाइल कुछ मिनटों तक जापान के ऊपर रहा, इसके बाद लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की चेतावनी जारी की गई।उत्तर कोरिया द्वारा पिछले 10 दिन में किया गया यह पांचवा परीक्षण है।

टोक्यो: जापान ने मंगलवार को कहा कि एक संदिग्ध उत्तर कोरियाई मिसाइल ने संभवत: उसके ऊपर से उड़ान भरी। इसके बाद जापान में लोगों को घरों में सुरक्षित जगहों में चले जाने की चेतावनी जारी की गई। स्थानीय समय के अनुसार सुबह 7:29 बजे जापान की मिसाइल चेतावनी प्रणाली सक्रिय हो गई थी।

जापान के राष्ट्रीय प्रसारक एनएचके की ओर से चेतावनी संदेश भी टीवी स्क्रीन पर दिखाए जाने लगे। चेतावनी में कहा गया, 'ऐसा लगता है कि उत्तर कोरिया ने मिसाइल दागी है। कृपया इमारतों या भूमिगत जगहों में चले जाएं।'

कुछ देर बाद सामने आई जानकारी के अनुसार उत्तर कोरिया ने मंगलवार को एक मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी, जो जापान के ऊपर से गुजरते हुए प्रशांत महासागर में जा गिरी। ऐसा माना जा रहा है कि उत्तर कोरिया ने क्षेत्र में अमेरिकी सहयोगियों को निशाना बनाने वाले हथियारों का परीक्षण तेज कर दिया है।

जापान में 2017 के बाद पहली बार ‘जे -अलर्ट’

जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि उत्तर कोरिया की ओर से कम से कम एक मिसाइल दागी गई, जिसके जापान के ऊपर गुजरते हुए प्रशांत महासागर में गिरने की आशंका है। जापान के अधिकारियों ने आस-पास की इमारतों को खाली करने के वास्ते पूर्वोत्तर क्षेत्र के निवासियों के लिए ‘जे -अलर्ट’ जारी किया। 2017 के बाद पहली बार ऐसा ‘अलर्ट’ जारी किया गया है।

जापान के होक्काइदो और आओमोरी क्षेत्र में ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए निलंबित की गईं थी, जो अब बहाल कर दी गई हैं। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में किए गए परीक्षण की कड़ी निंदा करता हूं...।’’ उन्होंने कहा कि वह स्थिति को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ चर्चा करेंगे।

22 मिनट तक हवा में रहा मिसाइल

जापान कैबिनेट के मुख्य सचिव हिरोकाजू मात्सुनो ने कहा कि उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण के बाद किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मिसाइल 22 मिनट तक हवा में रहने के बाद देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर समुद्र में गिरी।

वहीं दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने कहा कि उन्हें उत्तर के उत्तरी अंतर्देशीय क्षेत्र से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल के बारे में पता चला है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया की सेना ने निगरानी बढ़ा दी है और अमेरिका के साथ निकट समन्वय बनाए हुए है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने कहा कि उत्तर कोरिया ने एक मध्यम दूरी की मिसाइल का प्रक्षेपण किया, जो 4,000 किलोमीटर (2,485 मील) की दूरी तय कर सकती है। इसका मतलब है कि यह मिसाइल गुआम तक पहुंचने में सक्षम होगी।

उत्तर कोरिया द्वारा पिछले 10 दिन में किया गया यह पांचवा परीक्षण है। जानकारों के अनुसार यह दक्षिण कोरिया तथा अमेरिका के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास और पिछले सप्ताह जापान से जुड़े सहयोगियों के अन्य प्रशिक्षण की जवाबी कार्रवाई प्रतीत होती है। 

(भाषा इनपुट)

Web Title: Japan stirred after North Korea fired ballistic missiles, warning people to take shelter

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे