विवेक रामास्वामी हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल, निक्की हेली के बाद रिपब्लिकन पार्टी से दूसरे भारतीय मूल के अमेरिकी
By विनीत कुमार | Published: February 22, 2023 10:48 AM2023-02-22T10:48:55+5:302023-02-23T11:16:48+5:30
विवेक रामास्वामी ने 2024 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल होने का ऐलान किया है। उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए एक लाइव इंटरव्यू में इसकी घोषणा की है।

विवेक रामास्वामी हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल
वाशिंगटन: भारतीय-अमेरिकी प्रौद्योगिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी ने 2024 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल होने की घोषणा की है। विवेक रामास्वामी रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल होंगे। इसके साथ ही वह निक्की हेली के बाद रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल दूसरे भारतीय-अमेरिकी नेता बन गए हैं।
रामास्वामी (37) के माता-पिता केरल से आकर अमेरिका में बस गए थे। उन्होंने ओहियो में एक विद्युत संयंत्र में काम किया। रामास्वामी ने ‘फॉक्स न्यूज’ पर टकर कार्लसन के प्राइम टाइम शो में लाइव प्रसारित इंटरव्यू के दौरान राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल होने की घोषणा की। वह रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवारी का दावा पेश करने वाले दूसरे भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं।
रामास्वामी ने टीवी इंटरव्यू में कहा, 'हम राष्ट्रीय पहचान के संकट से गुजर रहे हैं। हम अपने मतभेदों को इतने लंबे समय से पाले हुए हैं कि हम यह भूल गए हैं कि सभी अमेरिकी नागरिक समान हैं, जो आदर्शों से बंधे हैं, जिन्होंने इस देश को 250 साल पहले स्थापित किया।'
इससे पहले इस महीने की शुरुआत में दो बार साउथ कैलिफॉर्निया की गवर्नर रहीं हेली ने राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनने के लिए अभियान शुरू किया था। वह संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत भी रह चुकी हैं। उन्होंने घोषणा की कि वह रिपब्लिकन पार्टी की ओर से नामांकन के लिए पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।
बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया में शामिल होने से पहले निक्की हेली या रामास्वामी को रिपब्लिकन पार्टी की ‘प्रेसीडेंशियल प्राइमरी’ में जीत हासिल करनी होगी। इसके अगले साल जनवरी में होने की संभावना है। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पांच नवंबर, 2024 को होना है।