Coronavirus Outbreak Updates: कोरोना वायरस से दुनिया भर में 24000 से ज्यादा मौतें, 5.31 लाख केस, देखें टॉप 10 देशों की लिस्ट
By निखिल वर्मा | Published: March 27, 2020 08:27 AM2020-03-27T08:27:49+5:302020-03-27T08:27:49+5:30
कोरोना वायरस दुनिया के 198 देशों में फैल चुका है। सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस अमेरिका में मिले हैं. अमेरिका-चीन के बाद इसका ज्यादा असर यूरोपीय देशों पर पड़ा है। इस वायरस चलते पिछले तीन दिनों में हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले दुनिया भर में थम नहीं रहे हैं। भले ही अमेरिका में चीन की तरह मौतें नहीं हुई हैं लेकिन पॉजिटिव केसों के मामले में अब अमेरिका नंबर वन है। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 60 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और करीब 2800 लोगों की मौत हुई है। नए केस के मामले में अमेरिका (USA) एक बार सिर्फ टॉप पर रहा है, यहां 17000 नए मामले सामने आए हैं।
इटली-स्पेन में 1400 से ज्यादा मौत
अमेरिका में 24 घंटे में ही 17000 से ज्यादा नए केस सामने आने के बाद कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 85,435 हो गई है। पूरी दुनिया में कोरोना के कुल मामले 5,31,000 से भी ज्यादा हो गए हैं जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 24070 के करीब है। अमेरिका में कल 268 लोगों की मौत हो गयी जिससे कुल मौतों की संख्या बढ़कर 1295 हो गयी है। स्पेन में 8271 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 57786 हो गई है। इस देश में कल 718 लोगों की इस संक्रमण से मौत हुई और कुल मौतों की संख्या बढ़कर 4365 हो गई है। इटली में अब तक 6203 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है।
यूरोप में कोरोना वायरस से 15 हजार से अधिक की मौत
कोरोना वायरस से यूरोप में 15 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इनमें इटली में 8203, स्पेन में 4365 और फ्रांस में 1696, नीदरलैंड में 434, बेल्जियम में 220 लोगों की मौत शामिल है। कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित महाद्वीप यूरोप में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 2.75 लाख से ज्यादा है। यह वायरस सबसे पहले दिसंबर में चीन में सामने आया था।
कोरोना वायरस से प्रभावित टॉप 10 देश
देश | मामले | मौत |
अमेरिका | 85377 | 1295 |
चीन | 81340 | 3292 |
इटली | 80589 | 8215 |
स्पेन | 57786 | 4365 |
जर्मनी | 43938 | 267 |
ईरान | 29406 | 2234 |
फ्रांस | 29155 | 1696 |
स्विट्जरलैंड | 11811 | 192 |
इंग्लैंड | 11658 | 578 |
दक्षिण कोरिया | 9241 | 131 |
19 हजार लोग की स्थिति क्रिटिकल
दुनिया भर में अभी कोरोना वायरस के 3.64 लाख केस एक्टिव हैं। जबकि 1.23 लाख लोगों का इलाज सफलतापूर्वक किया जा चुका है। वहीं 19357 लोगों की स्थिति अभी क्रिटिकल है।
भारत में कोरोना वायरस के 694 मामले
भारत में कोरोना वायरस के केस बढ़ते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 694 हो गई है। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों में 647 भारतीय हैं जबकि 47 विदेशी नागरिक हैं। भारत में 27 राज्य/केंद्रशासित प्रदेश में यह वायरस फैल चुका है। इस वायरस से भारत में 16 लोगों की मौत हुई है।
पाकिस्तान में संक्रमितों की संख्या 1200 के पार
पाकिस्तान कोरोना वायरस से अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और 1200 से अधिक लोग इससे संक्रमित है। कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित सिंध में नये मामलों में मामली कमी आई है जबकि पंजाब, बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और संघीय राजधानी क्षेत्र में नये मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।