कोरोना वायरस: इंग्लैंड, रूस व ब्राजील में मची तबाही, भारत पहुंचा 12वें नंबर पर, दुनिया भर में 42 लाख से ज्यादा केस और 2.87 लाख मौतें
By निखिल वर्मा | Published: May 12, 2020 10:36 AM2020-05-12T10:36:37+5:302020-05-12T10:36:37+5:30
दुनिया भर में कोरोना वायरस के 42.55 लाख मामले सामने आए हैं. इस खतरनाक वायरस से अब तक 2 लाख 87 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है.
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 2292 हो गई है। देश में कोविड-19 संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 70,756 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से 22,454 मरीज ठीक हो गए हैं और एक रोगी देश से बाहर जा चुका है। कोविड-19 से संक्रमित 46,008 मरीजों का इलाज चल रहा है।
भारत पहुंचा 12वें नंबर पर
भारत में पिछले एक हफ्ते से कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। भारत पेरू और कनाडा को पीछे छोड़ते हुए दुनिया भर में केसों के मामले 12वें नंबर पर पहुंच गया है।
रूस, इंग्लैंड और ब्राजील में हाहाकार
कोरोना वायरस केसों की संख्या के मामले में इंग्लैंड तीसरे नंबर, रूस चौथे नंबर और ब्राजील आठवें नंबर पर पहुंच गया है। वहीं इटली, फ्रांस और जर्मनी में धीरे-धीरे कोरोना वायरस के केसों की संख्या और मौतों में कमी दर्ज की जा रही है।
अमेरिका में 80 हजार लोगों की हुई मौत
अमेरिका में कोरोना (COVID-19) महामारी ने तबाही मचाया हुआ है। अमेरिका में कोरोना वायरस की वजह से 80 हजार लोगों की मौत हो गई है। अमेरिका में 10 मई से 11 मई तक 24 घंटे में कोरोना वायरस से 776 लोगों की मौत हुई। अमेरिका में कोरोना के 1,385,834 मामले हो गए हैं। जिसमें से 262,225 लोग ठीक हो गए हैं और 1,041,814 एक्टिव केस हैं। अमेरिका कोरोना वायरस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित देश है।
कोरोना वायरस से प्रभावित टॉप 10 देश
देश | मामले | मौत |
अमेरिका | 1,385,834 | 81795 |
स्पेन | 268143 | 26,744 |
इंग्लैंड | 223060 | 32065 |
रूस | 221344 | 2009 |
इटली | 219814 | 30739 |
फ्रांस | 177,423 | 26643 |
जर्मनी | 172576 | 7,661 |
ब्राजील | 169594 | 11,653 |
तुर्की | 139,771 | 3841 |
ईरान | 109,286 | 6,685 |
करीब 47 हजार लोग की स्थिति क्रिटिकल
दुनिया भर में अभी कोरोना वायरस के 24.41 लाख केस एक्टिव हैं। जबकि करीब 15 लाख लोगों का इलाज सफलतापूर्वक किया जा चुका है। वहीं 46936 लोगों की स्थिति अभी क्रिटिकल है।
पाकिस्तान में संक्रमितों की संख्या 32 हजार के पार
पाकिस्तान में कोविड-19 से मृतकों की संख्या 700 पार पहुंच गई है और संक्रमण के 607 नए मामलों के साथ संक्रमित लोगों की संख्या 32 हजार से अधिक हो गई है।