चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग गंभीर बीमारी 'सेरेब्रल एन्यूरिज्म' से जूझ रहे हैं, रिपोर्ट में किया गया दावा
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: May 10, 2022 09:23 PM2022-05-10T21:23:05+5:302022-05-10T21:26:08+5:30
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वास्थ्य के बारे में गंभीर अटकलें लगाई जा रही हैं। खबरों के मुताबिक राष्ट्रपति शी जिनपिंग गंभीर बीमारी 'सेरेब्रल एन्यूरिज्म' से पीड़ित हैं।
बीजिंग:चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग गंभीर बीमारी 'सेरेब्रल एन्यूरिज्म' से पीड़ित हैं। जानकारी के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति साल 2021 के अंत में इसी बीमारी के कारण अस्पताल में भी भर्ती हुए थे।
लेकिन राष्ट्रपति जिनपिंग ने सर्जरी की बजाय देसी चीनी दवाओं पर भरोसा किया और उनके जरिये अपना इलाज करा रहे थे। बताया जा रहा है कि चीनी दवाएं उनके ब्लड वेसल्स को सॉफ्ट बनाने का काम कर रही थीं।
वैसे राष्ट्रपति शी के स्वास्थ्य के बारे में गंभीर अटकलें उस समय से लगाई जा रही हैं, जब वो कोरोना प्रकोप के बाद विदेशी नेताओं से मिलने से बच रहे थे।
समाचार वेबसाइट 'एनडीटीवी' के मुताबित जब मार्च 2019 में शी इटली की यात्रा पर गये थे तो चलते हुए उनकी चाल में लंगड़ापने की शिकायत देखी गई थी और उसी दौरे के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग को फ्रांस में भी बैठते समय सहारा लेते हुए देखा गया था।
इसी तरह अक्टूबर 2020 में चीन के शेनझेन में एक जनसभा में वो बहुत धीमी गति से भाषण दे रहे थे और बीच-बीच में और खाँस भी रहे थे। तब भी ये आशंका जताई गदई थी कि चीनी राष्ट्रपति की तबियत खराब है।
खबरों के मुताबिक यूक्रेन संघर्ष के कारण तेल और गैस की बढ़ी हुई कीमतों के कारण खराब होती चीनी अर्थव्यवस्था के कारण भी राष्ट्रपति बेहद तनाव में है।
मालूम हो कि इस गंभीर बीमारी के बीच राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस साल के अंत में राष्ट्रपति पद के अपने तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने एक दशक के शासनकाल में चीन को वैश्विक पटल पर और समृद्ध, और तरक्कीशुदा देश के रूप में स्थापित किया है।