अफगानिस्तान में 6.1 की तीव्रता वाले तेज भूकंप से बड़ी तबाही, 150 से ज्यादा लोगों की मौत
By विनीत कुमार | Published: June 22, 2022 11:15 AM2022-06-22T11:15:39+5:302022-06-22T11:36:43+5:30
अफगानिस्तान में बुधवार को आए भूकंप से बड़ी तबाही मचने की खबर है। कम से कम 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
काबुल: अफगानिस्तान में आए तेज भूकंप में 150 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। ये जानकारी बुधवार को आपदा प्रबंधन अधिकारियों की ओर से दी गई। भूकंप से देश के पूर्वी हिस्से में बड़ी संख्या में तबाही मचने की आशंका है।
तालिबान प्रशासन के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख मोहम्मद नसीम हक्कानी ने बताया कि अधिकांश मौतों की पुष्टि पक्तिका प्रांत में हुई है। यहां 100 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबरे है 250 से ज्यादा घायल हुए हैं।
हक्कानी ने कहा कि नंगरहार और खोस्त जैसे पूर्वी प्रांतों में भी मौतों की सूचना मिली है। अधिकारी और हताहतों की जांच कर रहे हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 आंकी गई है।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर के पास था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार भूकंप का केंद्र पाकिस्तानी सीमा के पास खोस्त शहर से लगभग 44 किमी दूर जमीन में 51 किमी की गहराई पर था। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक निवासी ने यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (ईएमएससी) की वेबसाइट पर पोस्ट किया, 'ये काफी तेज और लंबे झटके थे।'
भूकंप के झटके पाकिस्तान में भी महसूस किए गए हैं। पाकिस्तान के उत्तरीपश्चिमी शहर पेशावर के एक निवासी ने कहा, 'ये काफी तेज झटका था।' हालांकि पाकिस्तान में अभी भूकंप से किसी नुकसान की जानकारी नहीं मिल सकी है। इस बीच अफगान मीडिया में आई कुछ तस्वीरों में टूटे हुए घर और मलबे नजर आ रहे हैं।
ईएमएससी ने ट्विटर पर बताया कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भारत में लगभग 11.9 करोड़ लोगों ने झटके महसूस किए।
अफगानिस्तान में ये बड़ी आपदा उस समय आई है जब पिछले साल अगस्त में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से देश एक गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। तालिबान के सत्ता में आने के बाद कई देशों की सरकारों ने अफगानिस्तान के बैंकिंग सेक्टर पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। साथ ही अरबों डॉलर की विकास सहायता में भी कटौती की गई है।