गुजरात के पॉश इलाके में रात में सड़क पर घूम रहे थे आधा दर्जन शेर, वीडियो हुआ वायरल
By रोहित कुमार पोरवाल | Published: September 14, 2019 04:42 PM2019-09-14T16:42:57+5:302019-09-14T16:44:18+5:30
सोशल मीडिया पर जंगल के राजा शेर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। करीब आधा दर्जन शेर रिहायशी इलाके की सड़क पर रात के वक्त टहलते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो गुजरात का बताया जा रहा है।
रात के दौरान सड़क पर शेरों की चहलकदमी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो गुजरात के जूनागढ़ का बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि गिरनार वाइल्डलाइफ सेंचुरी के पास रात के समय कुछ शेरों को सड़क पर देखा गया।
समाचार एजेंसी एएनआई ने करीब सवा मिनट का वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो में करीब आधा दर्जन शेर सड़क पर टहलते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियों में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दे रही है, संभवत: वे शेरों को देखकर ही भौंक रहे होंगे लेकिन जंगल के राजा पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है, वे बेखौफ दिखाई दे रहे हैं।
शेर जिस जगह पर चहलकदमी करते दिख रहे हैं वहां पानी भी दिखाई दे रहा है। इससे अंदाजा लग रहा है कि रात में बारिश के दौरान या उसके बाद शेर सेंचुरी छोड़ सड़क पर निकल आए होंगे।
हैरानी की बात यह है कि वीडियो में शेर जिस जगह दिखाई दे रहे हैं वह रिहायशी और पॉश इलाका मालूम होता है। ऐसा वीडियो में दिख रहे घरों और सड़क पर खड़ी कारों को देखते हुए लग रहा है।
#WATCH Viral video of a pride of lions seen roaming around a city road in Junagadh, which is near Girnar Wildlife Sanctuary. #Gujaratpic.twitter.com/QnpNQrb5yX
— ANI (@ANI) September 14, 2019
एएनआई के वीडियो के जवाब में एक यूजर ने भी वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें बारिश के दौरान शेर सड़क पर चलते-फिरते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो किसी ढाबे या चाय की दुकान से शूट किया हुआ मालूम होता है क्योंकि वहां कढ़ाई समेत कुछ बर्तन और कुर्सियां भी दिख रही हैं। वीडियो में लोग स्थानीय बोली में बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं।
खबर लिखे जाने तक एएनआई के वीडियो को साढ़े तेरह हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका था। वीडियों पर लोगों की ढेरों प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। एक यूजर ने लिखा, ''वे सड़क पर नहीं हैं.. सड़कें जंगल के अंदर हैं। शेर हमेशा अपने क्षेत्र को चिह्नित करता है.. वह क्षेत्र जहां वे शिकार करते हैं।'' एक यूजर ने लिखा, ''वे इंसानी चिड़ियाघर देखने गए थे।''