टैक्स नहीं भरा तो नगर पालिका वालों ने घर के बाहर फेंक दिया कचरे का ढेर, सदमे से हुई महिला की मौत
By अमित कुमार | Published: December 21, 2020 02:18 PM2020-12-21T14:18:41+5:302020-12-21T14:57:51+5:30
घर के सामने कचरा फेंके जाने के बाद एक महिला अपने आपको इतनी अपमानित महसूस करने लगी कि सदमे से उसकी मौत हो गई।
तेलंगाना के नारायणखेड़ जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, यहां रहने वाली एक महिला की मौत घर के आगे कचरा फेंकने के सदमे से हो गई। इस खबर के सामने आने के बाद से ही इलाके के लोगों की बड़ी संख्या महिला के घर के आगे मौजूद है। रिपोर्ट के मुताबिक नगर पालिका ने टैक्स भुगतान न करने पर एक महिला के घर के सामने कचरा फेंक दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
ऐसा अजीबोगरीब मामला के बारे में सुनकर सोशल मीडिया पर भी लोगों के बीच इस महिला की चर्चाएं हो रही है। नारायणखेड़ जिले में रहने वाले लोगों के मुताबिक भुमावा नाम की एक 58 वर्षीय महिला के घर के आगे नगर पालिका वालों ने कचरे का ढेर फेंक दिया। अपने घर के आगे गंदगी देख महिला इस तरह आहात हो गई कि उसे हार्ट अटैक आ गया और फिर उसकी मौत हो गई।
वहीं कुछ लोगों ने दावा किया है महिला अस्थमा की मरीज थी। लोगों का कहना है कि महिला कुछ दिनों से बीमार भी चल रही थी। हालांकि, पुलिस के पास इस मामले की कोई जानकारी नहीं पहुंची है। इस घटना के बारे में कोई शिकायत नहीं मिलने की वजह से पुलिस ने अब इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया है। महिला की मौत के बाद से ही पूरे जिले में इस घटना की चर्चाएं जोरों पर है।